Feedback
स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता एक बार फिर बेपटरी हो गई है. डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के विरोध में ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को वार्ता बीच में छोड़ दी. तस्नीम न्यूज एजेंसी ने विश्वस्त सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ट्रंप के सख्त बयानों और सैन्य कार्रवाई की धमकियों के बाद ईरानी पक्ष ने इसे बातचीत के माहौल के खिलाफ माना और विरोध जताते हुए मीटिंग हॉल से बाहर निकल गया.
ईरानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मेहदी गोरबनजादेह ने सरकारी मीडिया से कहा, ‘जब तक लेबनान की स्थिति का समाधान नहीं हो जाता, तब तक अन्य मुद्दों पर कोई बातचीत नहीं होगी. यदि लेबनान में युद्ध समाप्त नहीं होता, तो दूसरे विषयों पर वार्ता आगे नहीं बढ़ेगी.’ इससे पहले स्विट्जरलैंड में जिस वक्त पहले दौर की वार्ता चल रही थी, उसी दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ईरान को धमकाते हुए एक पोस्ट किया.
उन्होंने कहा, ‘ईरान को तुरंत लेबनान में अपने भारी फंडिंग वाले प्रॉक्सी समूहों को रोकना होगा. अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हम ईरान पर फिर बहुत बड़ा हमला करेंगे, पिछले सप्ताह से भी ज्यादा ताकत के साथ.’ वहीं फॉक्स न्यूज से फोन पर बातचीत में ट्रंप ने ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो अमेरिका इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर नियंत्रण कर सकता है. इन्हीं धमकियों के चलते ईरानी प्रतिनिधिमंडल वार्ता बीच में छोड़कर हॉल से बाहर निकल गया.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के धमकी भरे पोस्ट के कुछ ही देर बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ट्रंप को अपनी भाषा पर सावधानी बरतने की सलाह दी. ईरानी संसद के अध्यक्ष गालिबाफ ने ट्रंप की धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘क्या उन्हें नहीं लगता कि अगर उनकी धमकियों का कोई असर होता, तो वे आज इस हताशा की स्थिति में नहीं पहुंचते? हम अमेरिकी धमकियों को कोई महत्व नहीं देते. उन्हें अपने बयानों को लेकर ज्यादा सावधान रहना चाहिए. हमारी सशस्त्र सेनाएं उन्हें अलग तरीके से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. वे चाहे कुछ भी कहें, कार्रवाई हम ही करेंगे.’
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू