डीडवाना नगर परिषद सभापति पद के लिए सोमवार सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हो गया। नगर परिषद कार्यालय के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस चुनाव में भाजपा के भंवरलाल पंवार और कांग्रेस के बाबू खान बेगाना के बीच सीधा मुकाबला है।
मतदान शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले विधायक यूनुस खान के खेमे के 13 निर्दलीय पार्षद और भाजपा के 9 पार्षद बसों से नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव ने पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ।
सुबह करीब 10:30 बजे तक भाजपा के 9, 13 निर्दलीय और आरएलपी की एक महिला पार्षद ने वोट डाल दिया था। कांग्रेस के सभापति प्रत्याशी बाबू खान बेगाना ने भी मतदान किया। इस तरह शुरुआती चरण में कुल 24 पार्षदों ने वोट डाले।
मतदान के बाद भाजपा और निर्दलीय पार्षद बसों से अपने-अपने खेमे की ओर लौट गए। कांग्रेस खेमे के बाकी पार्षद सुबह 11:45 बजे तक नगर परिषद कार्यालय नहीं पहुंचे थे। मतदान का समय दोपहर 2 बजे तक है, इसलिए कांग्रेस पार्षदों के आने का इंतजार है।
डीडवाना नगर परिषद में कुल 40 पार्षद हैं। इनमें 16 कांग्रेस के, 9 भाजपा के, एक आरएलपी का और 14 निर्दलीय पार्षद हैं। सभापति चुनाव में बहुमत के लिए 21 पार्षदों का समर्थन चाहिए। भाजपा और विधायक यूनुस खान के बीच हुए समझौते के तहत भाजपा प्रत्याशी भंवरलाल पंवार को भाजपा के 9 और 14 में से 13 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिलने की बात कही जा रही है।
अब मतदान पूरा होने और वोटों की गिनती के बाद ही साफ होगा कि डीडवाना नगर परिषद का सभापति कौन बनेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.