कर्रा/तोरपा/खूंटी, हिटी। खूंटी जिले के तोरपा और कर्रा थाना क्षेत्रों में लेवी मांगने, फायरिंग करने और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले प्रतिबंधित पीएलएफआई उग्रवादी दस्ते का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर पीएलएफआई के एरिया कमांडर श्रवण दास उर्फ फगुआ दास समेत सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में हुई मुठभेड़ में श्रवण दास के पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए रिम्स रांची में भर्ती कराया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई:
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम लगातार उग्रवादियों के खिलाफ अभियान चला रही थी। 20 जून की रात सूचना मिली कि तोरपा थाना कांड संख्या 19/26 का अभियुक्त श्रवण दास अपने सहयोगियों के साथ अलंकेल के पास सुन्दारी जाने वाले मार्ग में हथियारों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में छिपा हुआ है।
सूचना के सत्यापन के बाद तोरपा, कर्रा, जरियागढ़, रनिया और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सशस्त्र बल के साथ इलाके में छापेमारी शुरू की। अलंकेल के समीप सड़क किनारे झाड़ियों के पास स्थित एक कुएं के निकट बैठे सात संदिग्धों को पुलिस ने घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार उग्रवादियों की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, 21 जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन और पीएलएफआई संगठन के छह पर्चे बरामद किए। इस संबंध में तोरपा थाना में कांड संख्या 31/2026 दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान एरिया कमांडर श्रवण दास ने हाल के कई उग्रवादी घटनाक्रमों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बरवादाग जंगल में और हथियार छिपाकर रखे गए हैं।
श्रवण दास की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे लेकर बरवादाग जंगल पहुंची, जहां से एक देशी पिस्टल, एक दोनाली देशी कट्टा, एक अतिरिक्त मैगजीन और सात जिंदा गोलियां बरामद की गईं। बरामदगी के बाद जब पुलिस टीम वापस लौट रही थी, तभी श्रवण दास ने कथित रूप से जरियागढ़ थाना प्रभारी का हथियार छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए रिम्स रांची भेजा गया। इस मामले में जरियागढ़ थाना कांड संख्या 17/26 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में सुदर्शन सोय उर्फ सुधीर उर्फ सोना सोय (जामदा, मुरहू), सलीम बोदरा उर्फ रोडे (जिलिंगबुरु, तपकरा), श्रवण दास उर्फ फगुआ दास (निचितपुर, रनिया), सामु डोडराय (कुटाम जरिया, तोरपा), विष्णु मांझी उर्फ एडी (कुटाम जरिया, तोरपा), हर्षित गुड़िया उर्फ बोयदा पाहन (हुसीर, तपकरा) तथा उमर खान उर्फ नील खान (सीलमा बिरदा, कर्रा) शामिल हैं।
इस अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह ने किया। छापेमारी दल में थाना प्रभारी तोरपा मनीष कुमार, कर्रा राजू कुमार, रनिया श्यामल कुम्भकार, तपकरा सौरभ कुमार, जरियागढ़ बिरेन्द्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार तुरी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play