Shreeom Singh
Date: 14-10-26 12:38
जर्मनी के कोलोन शहर में एक रोबोट पर 16 साल की लड़की के यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रोबोट को जब्त कर लिया है. जांच इस बात पर भी चल रही है कि रोबोट को चलाने वाले दो युवकों की इस घटना में क्या भूमिका थी. फिलहाल दोनों के खिलाफ कोई आरोप तय नहीं किया गया है, लेकिन उन्हें संदिग्ध माना जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात यह घटना हुई. आरोप है कि दो युवकों के नियंत्रण में मौजूद रोबोट ने 16 वर्षीय लड़की के निजी अंगों को छुआ. युवकों पर घटना का वीडियो बनाने, उसे लाइव दिखाने और ऑनलाइन इस पर टिप्पणियां करने का भी आरोप है.
पहले से प्रोग्राम किया गया था या रिमोट से चलाया जा रहा था?
कोलोन पुलिस के प्रवक्ता क्रिस्टोफ बर्मेल ने बताया कि जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि रोबोट की हरकतें पहले से प्रोग्राम की गई थीं या उसे उसी समय रिमोट के जरिए नियंत्रित किया जा रहा था. उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए इस तरह का मामला नया है.
रोबोट के साथ युवकों के मोबाइल भी जब्त
पुलिस के अनुसार, एक फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के पास घटना की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची. वहां एक गाड़ी की डिक्की में रोबोट मिला. पुलिस ने रोबोट को जब्त करने के साथ ही दोनों युवकों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए हैं. इन उपकरणों की जांच से घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है.
करीब चार फीट लंबा है रोबोट
रिपोर्ट के मुताबिक, रोबोट का मालिक 16 साल का है, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक 19 साल का बताया जा रहा है. रोबोट की लंबाई करीब 120 सेंटीमीटर यानी लगभग चार फीट है.
जर्मनी की पुलिस ने सोशल मीडिया पर रोबोट की तस्वीर भी साझा की है. तस्वीर में रोबोट लाल और सुनहरे रंग का दिखाई दे रहा है. उसने सफेद टैंक टॉप, काले ट्रैक पैंट, गले में सोने की चेन और धूप का चश्मा पहन रखा है.
महिला को धक्का देते हुए भी दिखा रोबोट
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रोबोट महिलाओं के एक समूह की ओर बढ़ता दिखाई देता है. वीडियो में वह एक महिला को धक्का देता और दूसरी महिलाओं को गले लगाता नजर आता है. इस दौरान एक युवक रोबोट को पीछे खींचते हुए उस पर चिल्लाता भी दिखाई देता है. आसपास मौजूद कुछ लोग हंसते हुए नजर आते हैं.
पुलिस ने इस मामले पर सोशल मीडिया में की जा रही अनुचित टिप्पणियों की आलोचना की है. अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं का मजाक उड़ाने या उनसे जुड़े वीडियो साझा करने से पीड़ितों को और परेशानी हो सकती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय रोबोट को किस तरह नियंत्रित किया जा रहा था.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें