Shubham Raja
Date: 28-09-26 18:26
Fatehpur News: फतेहपुर में सोमवार शाम एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया. धमाके के बाद मकान का एक हिस्सा अचानक गिर गया. मलबे में कई लोगों के फंसे होने की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया. हादसे में घायल दो लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. घटना शाम करीब 5 बजे मलवां थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के नीचे हुई.
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
धमाके के बाद मकान का मलबा सड़क और आसपास के इलाके में फैल गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं. इसके बाद पुलिस और दमकल की टीम ने मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी.
रेस्क्यू टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाके के समय मकान के अंदर कितने लोग मौजूद थे. अभी मलबे में दबे लोगों की सही संख्या और उनकी स्थिति की जानकारी नहीं मिल सकी है. हादसे में घायल दो लोगों को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. दोनों की हालत को लेकर अभी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम को अचानक मकान के अंदर तेज धमाका हुआ. इसके तुरंत बाद मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को हटाया और इलाके को घेर दिया, ताकि बचाव कार्य में कोई परेशानी न हो.
मलवां थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मलबा हटाने में जुटी हुई है. अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य की जानकारी ली. पुलिस हादसे की वजह पता करने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मकान में गैस सिलेंडर किन परिस्थितियों में फटा.
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में दर्दनाक हादसा; गहरी खाई में गिरा वाहन, 5 की मौत, 6 घायल
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें