Feedback
राजस्थान के धौलपुर जिले में नमकीन फैक्ट्री संचालक पिता-पुत्र पर जानलेवा हमले के मामले में निहालगंज थाना पुलिस ने दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल आल्टो कार, अपाची बाइक और लाठी-डंडे जब्त किए हैं.
मामला निहालगंज थाना क्षेत्र के रीको एरिया का है. पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की शाम आधा दर्जन बदमाश गाड़ियों में सवार होकर नमकीन फैक्ट्री पहुंचे थे. आरोप है कि वहां घुसकर उन्होंने लाठी, डंडे और बेसबॉल बैट से अशोक कुमार शर्मा और उनके बेटे मदन शर्मा के साथ बेरहमी से मारपीट की.
यह भी पढ़ें: धौलपुर में बारिश बनी आफत, सवारियों से भरी ईको वैन पोखर में पलटी, 3 बच्चों समेत 4 की मौत
हमले की पूरी वारदात फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी. घटना में अशोक कुमार शर्मा और मदन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. आरोप है कि हमलावर जाते समय बैग में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये और गले से एक चेन भी छीनकर फरार हो गए.
5-5 हजार के इनामी आरोपी गिरफ्तार
निहालगंज थाना एसएचओ देवेंद्र शर्मा ने बताया कि गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए बदमाशों की पहचान रजना गुर्जर पुत्र रामजीलाल और ऑफिसर गुर्जर पुत्र विजय सिंह के रूप में हुई है.
दोनों आरोपी चपरोली, थाना मनियां के रहने वाले हैं और फिलहाल संगम विहार कॉलोनी, ओंडेला रोड, रीको धौलपुर में रह रहे थे. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आल्टो कार और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है.
एसएचओ के मुताबिक, इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनसे वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पिता-पुत्र पर फैक्ट्री में घुसकर हमला
एसएचओ देवेंद्र शर्मा ने बताया कि निहालगंज थाने में देवेंद्र कुमार शर्मा निवासी शिव नगर पोखर, मानसरोवर कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, 21 अगस्त की शाम उनके पिता अशोक कुमार शर्मा और भाई मदन शर्मा रीको स्थित नमकीन फैक्ट्री में मौजूद थे.
इसी दौरान कई बदमाश गाड़ियों में सवार होकर वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने फैक्ट्री में घुसकर अशोक कुमार शर्मा पर लाठी-डंडों और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया. इसके बाद उनके बेटे मदन शर्मा के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की विभिन्न संगीन धाराओं में केस दर्ज किया और जांच शुरू की. पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है.
दोनों आरोपियों की पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. आरोपी रजना गुर्जर के खिलाफ मनिया और सदर थानों में हत्या के प्रयास सहित कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
वहीं ऑफिसर गुर्जर के खिलाफ भी हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में 3 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास और मौजूदा प्रकरण में उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
एसएचओ देवेंद्र शर्मा ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. दीपक गुर्जर और देवा उर्फ देवेंद्र गुर्जर को पूर्व में पकड़ा गया था और दोनों को जेल भेज दिया गया है. अब रजना गुर्जर और ऑफिसर गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू