रायपुर। 03 नवंबर 2026| राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर प्रदेश के 60 हजार के करीब शिक्षक व कर्मचारियों के तबादले पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी है। इन शिक्षकों व कर्मचारियों की सूची विभाग काे भेज दी गई है। इनमें शिक्षक, हेड मास्टर व प्राचार्य के अलावा सरकारी कर्मचारी शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की शुरुआत अगले साल फरवरी में होगी। दूसरे चरण की जनगणना के दौराान प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य की 40 बिंदुओं में जानकारी जुटाएंगे। पहले चरण में मकानों की सूची बनाने के लिए करीब 60 हजार प्रगणक व पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें 53 हजार से अधिक शिक्षकों को शामिल किया गया था।
जनगणना के दूसरे चरण में तकरीबन 10 हजार ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत होगी। इनमें करीब 7 हजार शिक्षक होंगे। फरवरी में परीक्षा के समय 60 हजार शिक्षक स्कूल के बजाय डोर-टू-डोर जानकारी जुटा रहे होंगे।
जनगणना निदेशालय का यह है निर्देश
जनगणना निदेशालय ने राज्य शासन को करीब 72 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दे दिए हैं। दूसरे चरण में जनसंख्या के साथ जाति गणना भी की जाएगी। ऐसे में सर्वे का दायरा पहले चरण की तुलना में व्यापक रहेगा।
पहले चरण में प्रगणक के रूप में मुख्य रूप से प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों और पर्यवेक्षक के रूप में स्कूलों के प्राचार्य, हेडमास्टर तथा प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस बार भी प्रशिक्षित सरकारी अमले के जरिए घर-घर सर्वे कराया जाएगा। अधिक कर्मचारियों की जरूरत को देखते हुए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जनगणना के दूसरे चरण के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। 12 अक्टूबर से जिला, अनुविभाग और तहसील स्तर पर जिला जनगणना अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण चल रहा है। नवंबर में मास्टर ट्रेनर्स, 1 दिसंबर से फील्ड ट्रेनर्स और 16 दिसंबर से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राज्य सरकार ने जारी किया कुछ इस तरह का आदेश
जनगणना की तैयारियों और प्रशिक्षण में किसी तरह का व्यवधान न आए, इसके लिए राज्य शासन ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगा दी है। निर्देश के मुताबिक जिला एवं चार्ज अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणक और पर्यवेक्षकों का छह महीने या जनगणना कार्य पूरा होने तक, जो भी पहले हो, स्थानांतरण पर रोक रहेगी।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।