अलवर के टहला थाना क्षेत्र के धीरोडा-दरोगाला सड़क मार्ग पर 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। उसी समय बाइक से गुजर रहे दो व्यक्ति हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में बाइक भ
जानकारी के अनुसार टहला थाना क्षेत्र के धीरोडा-दरोगाला मार्ग पर दो व्यक्ति बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन का तार अचानक टूट गया और सीधे सड़क पर गिर पड़ा। तार में प्रवाहित हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आते ही बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए। करंट इतना तेज था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक में भी आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराने और पुलिस को सूचना देने की कोशिश की। सूचना मिलने पर टहला थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर टहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। मृतकों की पहचान टहला के लिलिया निवासी मूलचंद पुत्र देवबक्स गुर्जर (55 वर्ष) तथा कानियावास निवासी रमेश पुत्र लायूराम गुर्जर (52 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने बिजली लाइनों के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.