स्पोर्ट्स रिपोर्टर | मुजफ्फरपुर
बिहार क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों के चयन में अब चयनकर्ताओं की मनमानी नहीं चलेगी। चयन की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की तैयारी है। नई व्यवस्था के तहत अब चयनकर्ताओं को खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के साथ ही उनके चयन या छंटनी का कारण भी लिखित रूप में दर्ज करना होगा। इसके अलावा, ट्रायल या कैंप की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य होगी और इसके आयोजन की सूचना कम-से-कम 15 दिन पहले देनी होगी। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के प्रशासक और पटना हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अश्वनी कुमार सिंह ने एसओपी तैयार करने के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की है। इसमें खिलाड़ियों, पूर्व खिलाड़ियों, अभिभावकों, कोच, अंपायर और जिला क्रिकेट संघों से 5 नवंबर तक सुझाव मांगे गए हैं। प्रशासक ने स्पष्ट किया है कि चयनकर्ताओं के काम में बीसीए का कोई भी पदाधिकारी या समिति हस्तक्षेप नहीं करेगी, लेकिन चयन प्रक्रिया निर्धारित और समान नियमों के तहत ही होनी चाहिए। चयनकर्ताओं के अधिकार में नहीं होगा कोई हस्तक्षेप
चयन प्रक्रिया में जवाबदेही तय करने के लिए खिलाड़ियों के प्रदर्शन का लिखित रिकॉर्ड महत्वपूर्ण होगा। सामान्य तौर पर एक ट्रायल या कैंप में 70 से 100 खिलाड़ी शामिल होते हैं। नई व्यवस्था में चयनकर्ताओं को हर खिलाड़ी के प्रदर्शन का संक्षिप्त मूल्यांकन दर्ज करना होगा। इससे फैसलों में स्पष्टता आएगी। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि जिला क्रिकेट संघों के आपसी विवाद के कारण किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का अवसर न छिने। इसके लिए खिलाड़ियों की पात्रता और पहचान के नियम भी एसओपी में शामिल होंगे।
बीसीए के संशोधित नियम एवं विनियम, 2025 के अनुसार, टीम चयन का अधिकार क्रिकेट समितियों को है। इन समितियों में पूर्व खिलाड़ी शामिल होते हैं। पुरुष चयन समिति सीनियर राज्य टीम, जूनियर क्रिकेट समिति अंडर-23 तक के आयु वर्गों और महिला चयन समिति सभी आयु वर्गों की महिला टीमों का चयन करती है।
एसओपी में मुख्य टीम, मैच-दिवस टीम और रिजर्व खिलाड़ियों के चयन के साथ टूर्नामेंट के दौरान कप्तानी में बदलाव के नियम भी तय होंगे। कोच व सहयोगी स्टाफ की भूमिका और चयनकर्ताओं के हितों के टकराव से जुड़े प्रावधान भी इसमें शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा, खिलाड़ियों की शिकायतों के निवारण की व्यवस्था भी बनाई जाएगी। हाल ही में बीसीसीआई ने 4 और 14 अक्टूबर को बीसीए के लिए चयनकर्ताओं को नामित किया है।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.