भास्कर न्यूज | चित्तौड़गढ़
महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा केन्द्र का उद्घाटन प्राचार्य प्रो. हेमेन्द्र नाथ व्यास ने किया।
केन्द्र के संयोजक प्रो. अखिलेश चाष्टा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सुझावानुसार उच्च शिक्षा संस्थानों में स्थापित इन केन्द्रों की स्थापना की मंशा स्पष्ट करते हुए बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा जो कि वैदिक काल से शुरू होकर आज तक चली आ रही हैयह परंपरा ज्ञान, विज्ञान, और जीवन दर्शन से जुड़ी है।
आज का युवा इनके माध्यम से जीवन के उच्चतम आयामों को छूने की ओर अग्रसर हो सकता है। उद्घाटन कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं प्राचार्य प्रो. व्यास ने युवाओं को अपने बहुआयामी विकास की संभावनाओं को साकार करने में इस केन्द्र की उपादेयता बताया। इसमें भारतीय ज्ञान परंपरा में वेद, उपनिषद, आयुर्वेद, गणित, खगोल, चिकित्सा, दर्शन व अध्यात्म जैसे विषय शामिल हैं जो कि युवाओं को भौतिक उपलब्धियों के साथ मानसिक शांति प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। आचार्यों व विद्यार्थियों की उपस्थिति में आहूत इस कार्यक्रम में डॉ .मेघा जोशी ने आभार जताया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.