दिबियापुर, संवाददाता। मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र स्थित मांडी की एक फैक्ट्री से मुक्त कराए गए 13 बंधक मजदूरों में दिबियापुर क्षेत्र के गांव खजुवैया निवासी शिवम जाटव भी शामिल है। शनिवार रात घर लौटे शिवम ने फैक्ट्री में बिताए छह माह के दर्दनाक अनुभव साझा किए। उसने बताया कि वहां मजदूरों से अमानवीय व्यवहार किया जाता था। बीते दिनों को याद करते ही वह आज भी सिहर उठता है। शिवम ने बताया कि वह गुरुग्राम में सिलाई का काम करता था। एक जनवरी को घर लौटते समय रेलवे स्टेशन पर उसका सामान और पर्स चोरी हो गया। किसी तरह वह बिना टिकट दिल्ली पहुंचा, जहां मुजफ्फरनगर के एक युवक अंकित से मुलाकात हुई।
अंकित ने काम दिलाने का भरोसा दिया और उसे अपने साथ ले गया। शिवम का आरोप है कि वहां पहुंचते ही उसे फैक्ट्री में बंधक बना लिया गया और जबरन काम कराया जाने लगा। उसने बताया कि मजदूरों को मुश्किल से एक से डेढ़ घंटे ही सोने दिया जाता था। विरोध करने पर मशीन की बेल्ट, तार और अन्य सामान से मारपीट की जाती थी। खाने के नाम पर पूरे दिन में चोकर की चार रोटियां, नमक और लाल मिर्च दी जाती थी। छह महीने तक सब्जी तक नसीब नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में सभी मजदूरों के मोबाइल पहले ही छीन लिए गए थे। शिवम ने यह भी दावा किया कि फैक्ट्री की निगरानी के लिए दो पिटबुल कुत्ते रखे गए थे और भागने की कोशिश करने वालों के साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी। उसने कहा कि उसे पेचकस से भी घायल किया गया। इन घटनाओं को याद करते ही आज भी वह कांपने लगता है।शिवम की मां राजरानी ने बताया कि बेटे के लापता होने के बाद उन्होंने दिबियापुर पुलिस से लेकर गुरुग्राम पुलिस तक गुहार लगाई। गुरुग्राम में गुमशुदगी दर्ज कराई और पति के साथ पोस्टर लेकर कई दिनों तक बेटे की तलाश करती रहीं। उन्होंने कहा कि छह महीने तक परिवार भगवान से बेटे की सकुशल वापसी की प्रार्थना करता रहा। अब उसके लौट आने की खुशी है, लेकिन उसके साथ हुए व्यवहार की पीड़ा आज भी नहीं भूल पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छह महीने में शिवम का वजन करीब 65 किलोग्राम से घटकर लगभग 40 किलोग्राम रह गया। शिवम के पिता वीरेंद्र गौतम ने बेटे की सकुशल बरामदगी के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो शायद उनका बेटा जीवित वापस नहीं लौट पाता।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play