Written By PTI
मध्य प्रदेश के देवास के थाना प्रभारी दिलीप पुरी की फाइल फोटो. (Image- X)
मध्य प्रदेश के देवास जिले में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे आरोपी मनीष जायसवाल को पड़ोसी राज्य गुजरात से गिरफ्तार किया है. थाना प्रभारी की कथित तौर पर ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी गई थी. वह अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने के लिए पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मनीष जायसवाल शराब तस्करी के नेटवर्क की अहम कड़ी है.
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) आदित्य तिवारी ने सोमवार को बताया कि घटना के बाद से मनीष फरार था. उसे गुजरात से गिरफ्तार करने के बाद देवास लाया गया है. अब उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल दूसरे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.
पुलिस के एक अन्य अधिकारी के मुताबिक, इस हत्याकांड में कथित तौर पर शराब तस्करी नेटवर्क चलाने वाले राहुल जायसवाल और ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत समेत पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, एक अन्य आरोपी मोहिन जायसवाल की फरार रहने के दौरान कथित तौर पर ब्रेन स्ट्रोक से मौत हो गई थी. जांच में यह भी सामने आया है कि शराब के इस अवैध कारोबार में कई लोगों की हिस्सेदारी थी. मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पाटेन्द्र जायसवाल की इसमें 10 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. वहीं, राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल की 30-30 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई गई है. अधिकारी ने बताया कि राहुल जायसवाल हरदा जिले की तीन लाइसेंसी शराब दुकानों से तस्करी के नेटवर्क को चलाता था. इस कारोबार से मिलने वाली पूरी रकम पहले राहुल के पास जमा होती थी. इसके बाद वह दूसरे साझेदारों को उनका हिस्सा देता था.
पुलिस के मुताबिक, गुजरात में अवैध शराब भेजे जाने की सूचना मिलने के बाद 2 नवंबर को तड़के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर पहुंचे थे. उन्हें शराब से भरे एक ट्रक को रोकना था. पुलिस ने ट्रक को रोका तो उसमें 1,800 लीटर से ज्यादा अवैध शराब भरी हुई थी. थाना प्रभारी पुरी ने चालक से पूछताछ करने की कोशिश की, लेकिन चालक पुलिस से बचकर भागने लगा. इसी दौरान उसने ट्रक को सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया. इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया. गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पुलिस ने शराब तस्करी से जुड़े लोगों की तलाश शुरू की थी. अब मनीष जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301