Shreeom Singh
Date: 30-10-26 22:06
भारतीय पहलवान मनीषा भानवाला ने शुक्रवार को ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसका इंतजार देश को लंबे समय से था. उन्होंने कुश्ती विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. मनीषा इस प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं. उनसे पहले 2010 में सुशील कुमार ने पुरुषों के 66 किलोग्राम वर्ग में विश्व चैंपियन बनने का खिताब जीता था.
मनीषा ने महिलाओं के 59 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अमेरिका की अबीगैल नेट्टे को 8-6 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. मुकाबले में एक समय वह 0-6 से पीछे चल रही थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और शानदार वापसी करते हुए अमेरिकी पहलवान को शिकस्त दे दी. अबीगैल पैन अमेरिकन चैंपियन हैं.
मुश्किल मुकाबले में शानदार वापसी
फाइनल में मनीषा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह लगातार छह अंक गंवा बैठीं. इसके बाद उन्होंने मुकाबले में वापसी की और अपने दमदार खेल से स्कोर 8-6 कर दिया. इस जीत के साथ उन्होंने भारतीय महिला कुश्ती के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया.
MANISHA BHANWALA – FIRST INDIAN WOMEN WRESTLING WORLD CHAMPION!!👏👏👏 https://t.co/aYV5Oshs6h
भारतीय महिलाओं का शानदार प्रदर्शन
इस बार कुश्ती विश्व चैंपियनशिप भारतीय महिला पहलवानों के लिए खास रही. पहली बार एक ही प्रतियोगिता में तीन भारतीय महिला पहलवानों ने स्वर्ण पदक के मुकाबलों में जगह बनाई.
नीलम सिरोही ने 50 किलोग्राम और काजल धोचक ने 76 किलोग्राम वर्ग में फाइनल तक का सफर तय किया. हालांकि, दोनों को अपने-अपने मुकाबलों में हार मिली और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा. वहीं, तनु शर्मा ने कांस्य पदक जीता.
मनीषा ने फाइनल में पहुंचने से पहले सेमीफाइनल में कजाखस्तान की अल्तिन शगायेवा को एकतरफा मुकाबले में हराया था. इसके बाद फाइनल जीतकर उन्होंने भारतीय कुश्ती को ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें