महाजन फायरिंग रेंज से सटे क्षेत्र में एक बार फिर बम मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मंगलवार को निकटवर्ती जसवंतसर गांव की रोही में खेत के पास संदिग्ध जिंदा बम मिलने की सूचना पर महाजन पुलिस मौके पर पहुंची
प्राथमिक जानकारी के अनुसार खेत में मिला बम कई साल पुराना और जिंदा बम होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम करते हुए बम को सुरक्षित निगरानी में रखा और सेना के बम निरोधक दस्ते को सूचना दे दी। दस्ते के पहुंचने के बाद ही बम को निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जाएगी।
5 दिन पहले भी जिंदा बम को डिफ्यूज किया था
बता दे कि पांच दिन पहले भी महाजन क्षेत्र में एक जिंदा बम को बम निरोधक दस्ते ने सफलतापूर्वक डिफ्यूज किया था। फायरिंग रेंज से सटे इलाकों में समय-समय पर इस तरह के विस्फोटक मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
महाजन थाना अधिकारी भजनलाल ने बताया कि फायरिंग रेंज से सटे गांवों के लोग यदि खेतों या सुनसान स्थानों पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध या बमनुमा वस्तु देखें तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी घटनाओं की फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें, बल्कि प्रशासन को तत्काल जानकारी देकर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.