महाराष्ट्र: अनबन के चलते ससुराल नहीं जा रही थी पत्नी, गुस्साए पति ने कर दी हत्या; फिर खुद भी दी जान – Jagran

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में एक पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी 24 वर्षीय पत्नी की लाठी-डंडों से पीटकर …और पढ़ें
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
पति ने पारिवारिक विवाद में पत्नी की हत्या की।
बीच-बचाव करने आई सास को गंभीर रूप से घायल किया।
वारदात के बाद आरोपी पति ने खुदकुशी कर ली।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कलमनुरी तहसील के खरवाड गांव में एक शख्स ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी 24 वर्षीय पत्नी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई उसकी सास को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया और इसके बाद आरोपी पति ने खुद भी एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका दीपाली विशाल डोंगरे की अपने पति विशाल संतोष के साथ अनबन चल रही थी। इसी वजह से दीपाली पिछले कुछ महीनों से खरवाड गांव में अपने मायके पर ही रह रही थी।
बता दें कि बुधवार शाम करीब 6 बजे विशाल अपनी ससुराल पहुंचा। वहां पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई कि दीपाली उसके साथ ससुराल लौटने के बजाय अपने माता-पिता के पास क्यों रह रही है?
बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर विशाल ने पुरानी चारपाई के एक लकड़ी के तख्ते से दीपाली के सिर, पेट और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इस भयानक हमले में दीपाली गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद जब दीपाली की 45 वर्षीय मां कमलाबाई प्रभाकर पाईकराव अपनी बेटी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी विशाल ने उन पर भी उसी लकड़ी के तख्ते से हमला कर दिया। इस हमले में कमलाबाई के सिर, चेहरे और दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आईं। हंगामे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे कमलाबाई के पति और बेटे ने तुरंत घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को इस घटना की सूचना दी।
गौरतलब है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति विशाल मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कुछ ही दूरी पर स्थित एक खेत में विशाल का शव पेड़ से लटका हुआ मिला, जिससे यह साफ हो गया कि उसने वारदात के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने गुरुवार सुबह इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News