Feedback
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत इन दिनों कृति सेनन के एक पुराने राखी विज्ञापन को लेकर दिए अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं. कंगना ने विज्ञापन में कृति के ब्रालेट जैसे आउटफिट में राखी बांधने पर सवाल उठाया था. उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि कोई बिकिनी या अंडरगार्मेंट पहनकर अपने भाई को राखी क्यों बांधेगा? कंगना की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर खूब बहस छिड़ गई.
अब इसी विवाद के बीच कंगना का एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट फिर से चर्चा में आ गया है. इस पोस्ट में कंगना खुद अपने पहनावे को लेकर बिल्कुल अलग अंदाज में बात करती नजर आ रही हैं.
अपने कहे में ही फंस गईं कंगना?
कंगना के पुराने पोस्ट में उनकी तस्वीरें हैं, जिसमें वह सफेद रंग का लेस कॉर्सेट और हाई-वेस्ट सफेद ट्राउजर पहने नजर आ रही हैं. पतली स्ट्रैप वाले इस सी-थ्रू आउटफिट में कंगना ने तस्वीरें शेयर की थीं.
लेकिन तस्वीर से ज्यादा ध्यान खींचा था उनके कैप्शन ने. कंगना ने महिलाओं के कपड़ों को लेकर लिखा था कि वह सिर्फ इस बात पर जोर देना चाहती हैं कि कोई महिला क्या पहनती है या क्या पहनना भूल जाती है, ये पूरी तरह उसका अपना मामला है. उस पोस्ट में कंगना का साफ संदेश था कि महिलाओं के कपड़ों पर दूसरों को दखल देने की जरूरत नहीं है.
‘ये तुम्हारा बिजनेस नहीं है’
कंगना ने अपने पुराने पोस्ट में आगे साफ तौर पर कहा था कि किसी महिला के पहनावे से जुड़ा फैसला उसका निजी मामला है, दूसरों का नहीं. उन्होंने इस बात को हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा और साथ में हंसने वाला इमोजी भी लगाया था. एक दूसरे पोस्ट में उन्होंने इसी आउटफिट की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था कि उन्हें लगता है कि वह अपनी बात समझा चुकी हैं और अब वह ऑफिस जा सकती हैं.
पुराने पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अब लोग कंगना के तब के बयान और कृति सेनन वाले हालिया विवाद को साथ रखकर चर्चा कर रहे हैं.
कृति के राखी विज्ञापन पर क्यों भड़की थीं कंगना?
दरअसल, विवाद एक राखी विज्ञापन को लेकर शुरू हुआ था, जिसमें कृति सेनन एक बोल्ड आउटफिट में नजर आई थीं और राखी बांधती दिखाई गई थीं. इसी पर कंगना ने आपत्ति जताते हुए सवाल किया था कि भाई-बहन के त्योहार राखी के विज्ञापन में इस तरह का पहनावा दिखाने की जरूरत क्या थी.
कंगना की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंट गई. कुछ लोगों ने कंगना की बात का समर्थन किया, तो कुछ ने उनके पुराने पोस्ट को सामने लाकर सवाल उठाया कि जब वह खुद पहले महिलाओं के कपड़ों को उनका निजी फैसला बता चुकी हैं, तो कृति के मामले में उन्होंने सवाल क्यों उठाया?
अब पुराने पोस्ट ने बढ़ाई बहस
कंगना का पुराना पोस्ट सामने आने के बाद विवाद को एक नया एंगल मिल गया है. एक तरफ उनका पुराना बयान है, जिसमें वह महिलाओं के पहनावे पर किसी और के अधिकार को खारिज करती नजर आती हैं. दूसरी तरफ कृति के विज्ञापन को लेकर उनका सवाल है.
फिलहाल सोशल मीडिया पर इसी बात की चर्चा है कि क्या दोनों मामलों में कंगना का नजरिया अलग है या वह सिर्फ विज्ञापन के संदर्भ पर सवाल उठा रही थीं? जो भी हो, कृति सेनन के राखी विज्ञापन से शुरू हुआ विवाद अब कंगना के अपने पुराने फैशन पोस्ट तक पहुंच गया है और सोशल मीडिया पर बहस फिर तेज हो गई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू