यूजीसी नेट जून-2026 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को राहत देते हुए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 मई सुबह 10 बजे तक कर दी है।
इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित थी। डिजिलॉकर आधारित आवेदन प्रक्रिया और लाइव फोटो अपलोड में आ रही तकनीकी दिक्कतों के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पा रहे थे। दैनिक भास्कर ने भी अभ्यर्थियों की इस परेशानी को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद एनटीए ने तिथि बढ़ाने का नोटिफिकेशन जारी किया।
एनटीए ने परीक्षा शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि भी 23 मई रात 11:50 बजे तक बढ़ा दी है। आवेदन फॉर्म में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो 25 से 27 मई रात 11:50 बजे तक खुली रहेगी।
एनटीए हेल्पलाइन से भी नहीं मिल रहा संतोषजनक जवाब
यूजीसी नेट जून-2026 आवेदन प्रक्रिया में पहली बार डिजिलॉकर आधारित दस्तावेज सत्यापन सिस्टम लागू किया गया है, लेकिन यह अब तक अभ्यर्थियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। लाइव फोटो अपलोड करने में भी तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। कई अभ्यर्थियों को फोटो अपलोड के बाद आधार कार्ड और अपलोडेड फोटो का मिलान नहीं होने का पॉपअप बार-बार दिख रहा है। एनटीए हेल्पलाइन से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.