यूपी में बारिश, दिल्ली में बादल, उत्तराखंड-हिमाचल में आसमानी आफत… वेदर पर पढ़ें ताजा अपडेट – AajTak

Feedback
देश के कई राज्यों में इस हफ्ते भी मॉनसून की भारी बारिश जारी र​ह सकती है. मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से लेकर मध्य और दक्षिण भारत तक कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगस्त की बारिश ने पुराने रिकॉर्ड को चुनौती दी है, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, असम, केरल, हरियाणा, राजस्थान और नागालैंड में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है.
आईएमडी के मुताबिक अगले 7 दिनों में दिल्ली-एनसीआर के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. मिनिमम टेम्परेचर 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग दिनों में बहुत हल्की से हल्की स्तर की बारिश देखने को मिल सकती है. इस दौरान लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 15 अगस्त तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा.
दिल्ली में 4 से 8 अगस्त तक लगातार चार दिन बारिश हुई. 8 अगस्त की सुबह 8.30 बजे तक देश की राजधानी में 98.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 2024 के बाद अगस्त में एक दिन में सबसे ज्यादा है. इस साल अगस्त के पहले सात दिनों में दिल्ली में 127 मिमी बारिश हो चुकी है और महज 8 दिनों में महीने की औसत बारिश का आंकड़ा लगभग पूरा हो गया है. 2024 में अगस्त के पहले दिन 107.6 मिमी बारिश दर्ज हुई थी.
उत्तर प्रदेश में बारिश का नया दौर
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी तट पर बना वेदर सिस्टम पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़कर उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है. इसके कारण मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसका है और मध्य भारत में मॉनसूनी प्रवाह बढ़ा है.
राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है. लखनऊ में सोमवार को बादल छाए रहने और कुछ दौर की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट, 118 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कांगड़ा, सिरमौर और मंडी के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. रविवार शाम तक राज्य में 118 सड़कें बंद थीं. इनमें मंडी की 44, कुल्लू की 39 और शिमला की 13 सड़कें शामिल हैं. कम से कम 18 जलापूर्ति परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं. 30 जून से मॉनसून की शुरुआत के बाद बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 68 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राज्य को करीब 835 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. मौसम विभाग ने 15 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है.
ओडिशा में नदियां उफान पर
ओडिशा में कम दबाव के क्षेत्र के कारण लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं. बैतरणी, सालंदी, कानी और महानदी नदी तंत्र के कुछ हिस्सों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. बालासोर, भद्रक, केंद्रापड़ा और जाजपुर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. बालासोर के बस्ता में जलका नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. वहीं, छत्तीसगढ़ के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद हीराकुंड बांध के अतिरिक्त गेट खोले गए हैं. फिलहाल 12 स्लूइस गेट से पानी छोड़ा जा रहा है. प्रशासन ने तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी है और संवेदनशील इलाकों के लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है.
उत्तराखंड में चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज बारिश की भी आशंका है. बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद बागेश्वर में कक्षा 12 तक के स्कूल सोमवार को बंद रखने का फैसला लिया गया है. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.
राजस्थान में भी मॉनसून सक्रिय
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. भारी बारिश के बाद कोटपूतली-बहरोड़ से गुजरने वाले जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे के कई हिस्सों में जलभराव हुआ. भरतपुर में बारिश के कारण स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद किए गए. अलवर के गोविंदगढ़ में एक मकान की छत गिर गई, जबकि चूरू में निचले इलाकों और कई कॉलोनियों में पानी भर गया.
मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर आज भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. असम, मेघालय, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, लद्दाख में भी भारी बारिश की संभावना है. हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट आईएमडी ने जारी किया है.
जम्मू-कश्मीर में फ्लैश फ्लड-लैंडस्लाइड का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में 11 अगस्त तक जम्मू संभाग के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछार हो सकती है. 12 से 17 अगस्त के बीच भी मौसम अस्थिर रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है.
असम में बाढ़ से 1.55 लाख लोग हैं प्रभावित
असम में बाढ़ का असर अभी खत्म नहीं हुआ है. अधिकारियों के मुताबिक इस साल बाढ़ और उससे जुड़ी घटनाओं में मृतकों की संख्या 98 पहुंच गई है, जबकि 13 जिलों में 1.55 लाख से ज्यादा लोग अब भी प्रभावित हैं. पूर्वी असम के चार सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में स्थायी पुनर्वास के लिए नुकसान का आकलन शुरू करने की तैयारी है.
केरल में बाढ़ का पानी उतरा
केरल में बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन सड़कों और घरों में जलभराव के कारण सैकड़ों लोग अब भी राहत शिविरों में हैं. अलप्पुझा के अपर कुट्टनाड और कुट्टनाड क्षेत्र तथा कोट्टायम के अंदरूनी इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हैं. अलप्पुझा-चंगानाश्शेरी रोड समेत कई प्रमुख सड़कें पानी में डूबी हुई हैं. प्रभावित इलाकों से लोगों और जरूरी सामान को निकालने के लिए छोटी नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है. एहतियात के तौर पर कई जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखा गया.
नागालैंड में बारिश से हालात बिगड़े
नागालैंड के दीमापुर में लगातार भारी बारिश से कई निचले इलाके जलमग्न हो गए. पानी घरों में घुसने के बाद करंट लगने से अंतिम वर्ष के एक कॉलेज छात्र की मौत हो गई. एसडीआरएफ ने डूबे घर से नौ लोगों को सुरक्षित निकाला. इनमें दो बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं. रिवर बेल्ट कॉलोनी के एक हॉस्टल से चार छात्रों समेत कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News