अमेरिका के वित्त विभाग ने ईरान के तेल उत्पादों पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया है. अमेरिका ने यह प्रतिबंध अगले 60 दिनों के लिए हटाया है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
समाप्त
रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह, शिवांगी जायसवाल
इमेज स्रोत, Ludovic MARIN / AFP via Getty Images
अमेरिका के वित्त विभाग ने ईरान के तेल उत्पादों पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया है. अमेरिका ने यह प्रतिबंध अगले 60 दिनों के लिए हटाया है.
वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है.
उन्होंने लिखा, "स्विट्ज़रलैंड में चल रही सकारात्मक बातचीत में ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट में फ़्री और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों को अपने देश में प्रवेश की अनुमति देने की बात कही है."
"इस फ़्रेमवर्क के तहत, अमेरिकी वित्त विभाग ने 60 दिनों के लिए एक अस्थायी सामान्य लाइसेंस जारी किया है, जिसके तहत ईरानी तेल के उत्पादन, आपूर्ति और बिक्री की अनुमति दी गई है."
इससे पहले शांति वार्ता में अमेरिका के मुख्य वार्ताकार उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान ने अपने देश में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निरीक्षण की अनुमति दे दी है.
इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्विट्जरलैंड में कहा कि ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की निगरानी को लेकर सहमति दे दी है.
हालांकि ईरान का कहना है कि वार्ता के दौरान परमाणु मुद्दा नहीं उठा था, लेकिन अभी उसकी ओर से अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षण से जुड़े दावे को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफ़ेल ग्रोसी ने रविवार को स्विट्ज़रलैंड में ईरान-अमेरिका वार्ता स्थल पर स्विस विदेश मंत्री से मुलाक़ात की थी.
इसे ईरान ने परमाणु मुद्दे से जोड़ने से नकार दिया था. लेकिन अब अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस ने इस मुद्दे पर बयान दिया है.
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि “ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निरीक्षकों की वापसी पर सहमति दे दी है.”
साथ ही वेंस ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत में काफी प्रगति हुई है और होर्मुज़ स्ट्रेट खुला हुआ है.
ईरान की सीज़ पड़ीं संपत्तियों को रिलीज़ किए जाने के बारे में वेंस ने कहा, “हम ऐसी प्रक्रिया बनाना चाहते हैं जिससे इस राशि का फ़ायदा आम ईरानियों को हो, न कि इससे आतंकवाद को वित्तीय मदद मिले.”
अमेरिकी राष्ट्रपति वेंस ने ईरानी संपत्तियों के रिलीज़ से जुड़ी उस अमेरिकी योजना का भी ज़िक्र किया, जिसके तहत ये संपत्तियां रिलीज़ किए जाने के बाद अमेरिकी सोयाबीन, मक्का और गेहूं खरीदा जा सकता है.
अमेरिकी राष्ट्रपति वेंस ने बताया कि यह योजना, वार्ता दल के सदस्य जैरेड कुशनर की ओर से प्रस्तावित है. बता दें कि कुशनर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद हैं.
इमेज स्रोत, Hamed Malekpour/Getty Images
ईरान ने कहा है कि स्विट्ज़रलैंड में दो दिनों तक चली शांति वार्ता के दौरान एमओयू से जुड़े उन मुद्दों पर बात हुई, जिनके लागू होने के बाद ही अंतिम समझौते के लिए वार्ता शुरू हो सकेगी.
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने यह जानकारी एक्स पर दी है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, बक़ाई ने यह भी बताया है कि कल यानी मंगलवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान एक दिन के दौरे पर पाकिस्तान जाएंगे.
बता दें कि स्विट्जलैंड में हुई शांति वार्ता में पाकिस्तान और क़तर मध्यस्थ थे.
बक़ाई ने शांति वार्ता में चर्चा के मुख्य बिंदुओं के बारे में बताया, "मुख्य रूप से उन बिंदुओं पर बात हुई, जो लेबनान में युद्ध रोकने, ईरान की फ्रीज़ संपत्तियां रिलीज़ करने और ईरानी तेल के निर्यात से जुड़े हैं."
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने एक्स पर यह भी बताया है कि वार्ता के बाद उनका प्रतिनिधिमंडल वापस देश लौट रहा है.
बता दें कि 14 बिंदुओं वाले इस समझौते को मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) कहा गया है. इसके मुताबिक़ ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा.
इमेज स्रोत, ANI
लखनऊ की एक इमारत में आग की घटना में 14 बच्चों की मौत हो गई है. इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान आया है.
वह अलीगढ़ के दौरे पर थे, जहां से अब वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं.
योगी आदित्यनाथ ने कहा, "लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है. वहां पर एक अग्निकांड की चपेट में कुछ बच्चे आए हैं. उसके कारण उनकी दुखद मौत… प्रशासन वहां पर राहत कार्यों में लगा हुआ है."
योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को जांच के आदेश दिए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा, "इस पूरे मामले के लिए मैंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि वे स्वयं मौक़े पर जाकर इसकी रिपोर्ट पेश करें."
इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के मुताबिक़, लखनऊ की एक इमारत में आग की घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई है.
ब्रजेश पाठक ने कहा, "हमारे अपने परिवार के 14 बच्चे इस घटना में हताहत हुए हैं. चार बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें केजीएमसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है."
उन्होंने कहा कि घटना के उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं. जो भी इसके लिए ज़िम्मेदार होंगे उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने यह भी बताया कि सर्च ऑपरेशन पूरा हो चुका है.
ब्रजेश पाठक ने कहा, "घटना कैसे घटी, इसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कह पाएंगे."
इस घटना में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. प्रशासन और चिकित्सा कर्मचारी मौक़े पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य चलाया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ की एक इमारत में आग लग गई है. इमारत में कुछ स्टूडेंट्स के फंसे होने की आशंका है.
हालांकि, इसका सही आंकड़ा अब तक सामने नहीं आया है.
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि तीन-चार स्टूडेंट्स के फंसे होने की आशंका है.
मौक़े पर मौजूद फ़ायर ब्रिगेड के कर्मचारी सर्च अभियान में जुटे हुए हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि स्विट्ज़रलैंड के बर्गेनस्टॉक में 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग' के तहत पहली बार आयोजित वार्ता 'सफलतापूर्वक' ख़त्म हो गई है.
उन्होंने कहा कि इस बैठक के दौरान 'चर्चाएं सकारात्मक और सार्थक माहौल' में हुईं और इनमें 'उत्साहजनक प्रगति' हुई.
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट कर ये सब बातें कहीं.
उन्होंने यह भी बताया कि इस बातचीत में '60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते की दिशा में एक रोडमैप तैयार करने, राजनीतिक निगरानी के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाने और आगे की तकनीकी वार्ताओं को शुरू करने पर सहमति' बनी.
शहबाज़ शरीफ़ ने 'सार्थक संवाद की ओर प्रतिबद्धता' के लिए अमेरिका और ईरान के वार्ताकारों की तारीफ़ की.
इसके अलावा उन्होंने मध्यस्थ देश क़तर और बैठक के मेजबान देश स्विट्ज़रलैंड का भी आभार जताया.
इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक इमारत में आग लगने की घटना सामने आई है. यह घटना अलीगंज स्थित पुरनिया इलाक़े की है.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि आग कोचिंग सेंटर में लगी है.
हालांकि, अधिकारियों के अनुसार ग्राउंड फ़्लोर पर पेट शॉप थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन संचालित था.
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि 'कोचिंग सेंटर' के अंदर काफी धुआं भर जाने के कारण बचाव कार्य के लिए दीवार तोड़ी गई और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
उन्होंने अंदर फंसे लोगों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है.
ब्रजेश पाठक ने बताया, "अलीगंज की कोचिंग सेंटर में आग लगी है. सभी बच्चों को सुरक्षित बचाया जाए, यह प्राथमिकता है. ज़्यादातर बच्चों को निकाल लिया गया है. मात्र दो-तीन या तीन-चार बच्चे हैं. ऐसा बच्चों के साथियों का कहना है कि अंदर वॉशरूम में बंद कर लिए थे."
एएनआई से बातचीत में एक प्रत्यक्षदर्शी युवक ने बताया कि उसने कुछ लोगों को आग से बचने के लिए इमारत से कूदते हुए देखा.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इमारत से कूदने की वजह से कुछ स्टूडेंट्स घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पीटीआई के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
हालांकि, आग लगने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. मौके पर दमकल विभाग की टीम तैनात है.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज स्रोत, Bharat Bhushan Tiwari/Facebook
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के भारत भूषण तिवारी के पुलिस एनकाउंटर केस में तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया है.
कानूनी मामलों की रिपोर्टिंग करने वाली समाचार वेबसाइट बार एंड बेंच के मुताबिक़, सर्वोच्च अदालत ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग वाली जनहित याचिका को तुरंत सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया है.
जस्टिस नागरत्ना की अदालत ने सोमवार को वकील से कहा कि वे इस मामले को रजिस्ट्री के सामने रखें.
इस जनहित याचिका में यह भी मांग की गई है कि जिन पुलिसकर्मियों पर भारत भूषण तिवारी की हत्या का आरोप है, उनके ख़िलाफ़ केस दर्ज किया जाए.
साथ ही, इस मामले की स्वतंत्र जांच के लिए एक विशेषज्ञ समिति बनाई जाए, जिसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश करें.
दरअसल भोजपुर (आरा) पुलिस ने 17 जून को भरत भूषण तिवारी नाम के व्यक्ति का एनकाउंटर किया था, इससे एक दिन पहले पुलिस ने उन्हें 'मानसिक अस्वस्थ' बताया था.
भोजपुर के एसपी की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, "पुलिस टीम द्वारा खुद और लोगों की सुरक्षा के लिए गोली चलाई गई थी जो भरत भूषण के पांव में लगी."
हालांकि, गोली लगने से पहले भरत भूषण ने अपने फ़ेसबुक अकांउट से जो लाइव किया था, उसमें यह दिख रहा है कि उन्होंने अपनी पिस्टल पुलिस की तरफ फेंक दी थी.
बीबीसी इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता.
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वो वहां दर्शन करने जाएंगे.
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अयोध्या श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से हर सनातनी बेहद दुखी है. शुक्रवार को मैं दर्शन के लिए श्री राम मंदिर जाऊंगा."
इससे पहले रविवार को केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि 'राम मंदिर से करोड़ों रुपये के चंदे की चोरी हो गई', लेकिन इस पर अब तक कोई एफ़आईआर नहीं हुई है.
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा था, "अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई. बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपए का तो कैश ही चोरी हो गया और कई हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए और एक भी एफ़आईआर नहीं हुई है.''
उन्होंने कहा, "यूपी पुलिस, ईडी और सीबीआई ने कोई एफ़आईआर नहीं की. केंद्र में और यूपी में, दोनों जगह इनकी (बीजेपी) सरकारें हैं. कोई रेड नहीं, कोई गिरफ़्तारी नहीं."
इस मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि एसआईटी गठित हो गई है और 15 दिन में 'दूध का दूध और पानी का पानी' हो जाएगा.
संबंधित कहानी: अयोध्या: राम मंदिर में चंदे की कथित गड़बड़ी का क्या है पूरा मामला, अब तक क्या-क्या हुआ?
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह और बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
– नेतन्याहू ने अपने जिस भाई को बताया इसराइल का हीरो, उनकी 50 साल पहले किस मिशन में हुई थी मौत
– राजस्थानः इस्लामपुर का नाम बदलकर श्रीरामपुर करने की सिफ़ारिश, स्थानीय लोग नाराज़
– चीनी एक्सपर्ट ईरान समझौते को अमेरिका की हार और अपने देश की जीत क्यों बता रहे हैं?
– नेतन्याहू ने कहा, 'मैं वह हर काम नहीं करता जो ट्रंप चाहते हैं'
– 'औरतों पर जुल्म हो रहा है और बात मेरे कपड़ों की हो रही है', पूर्व टीवी प्रज़ेंटर ने आलोचना के बाद दिया जवाब
अमेरिका से चल रही बातचीत के दौरान एक ईरानी सांसद ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट पर अंतिम फ़ैसला ईरान करेगा.
संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट ईरानी संप्रभुता का प्रतीक है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "तुम (अमेरिका) धमकी दो, हम कार्रवाई करेंगे. होर्मुज़ स्ट्रेट न तो तुम्हारा पर्सनल कैसीनो है और न ही आधुनिक समुद्री डाकुओं का अड्डा."
उन्होंने कहा, "यह ईरानी संप्रभुता का प्रतीक है और इस बारे में अंतिम फ़ैसला ईरान की जनता और उसकी बहादुर सेना के हाथ में है."
गौरतलब है कि इससे पहले ईरान ने लेबनान में चल रही झड़पों के बाद शनिवार को होर्मुज़ स्ट्रेट बंद करने का दावा किया. हालांकि, अमेरिका ने इस दावे को ख़ारिज किया था.
संबंधित कहानी: चीनी एक्सपर्ट ईरान समझौते को अमेरिका की हार और अपने देश की जीत क्यों बता रहे हैं?
इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में बेल्जियम और ईरान के बीच खेला गया ग्रुप-जी का मुक़ाबला ड्रॉ पर ख़त्म हुआ.
लॉस एंजेलिस स्टेडियम में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन शानदार मज़बूत गोलकीपिंग और डिफ़ेंस के कारण दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं.
इस ड्रॉ के साथ ही बेल्जियम और ईरान को अभी भी इस विश्व कप में अपनी पहली जीत का इंतज़ार है. दोनों ही टीमें अभी तक कोई मैच नहीं जीत पाई हैं.
ईरान के गोलकीपर अलीरज़ा बेइरनवैंड ने शानदार प्रदर्शन किया और एक भी गोल नहीं होने दिया.
दूसरी ओर, बेल्जियम के थिबाउट कोर्टोइस का भी बेहतरीन प्रदर्शन रहा, उन्होंने भी अपनी टीम के ख़िलाफ़ एक भी गोल नहीं होने दिया.
मैच के दौरान ईरान के फैंस काफ़ी उत्साहित नज़र आए, उनकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं.
इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images
इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images
इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images
इमेज स्रोत, Ritesh Shukla/Getty Images
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस वीडियो को फ़र्ज़ी बताया है, जिसमें दावा किया गया था कि नीट री-एग़्ज़ाम का पेपर लीक हुआ है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एक बयान में एजेंसी ने कहा कि परीक्षा पूरी सुरक्षा और निगरानी के बीच सफलतापूर्वक कराई गई.
पीआईबी फ़ैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि नीट री-एग़्ज़ाम का पेपर परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर लीक हुआ था. यह दावा फ़र्ज़ी है."
उल्लेखनीय है कि नीट की परीक्षा पहले 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद एनटीए ने इसे 12 मई 2026 को रद्द कर दिया था.
इसके बाद री-एग़्ज़ाम 21 जून 2026 को आयोजित की गया.
इमेज स्रोत, Handout
तमिलनाडु में तिरुवल्लूर के पास एक निजी कंपनी में अमोनिया गैस रिसाव से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है.
तमिलनाडु विधानसभा में यह जानकारी देते हुए श्रम मंत्री परवेज़ ने कहा कि सभी मृतक महिला कर्मचारी थीं.
मंत्री ने बताया कि अमोनिया गैस रिसाव से 74 लोग प्रभावित हुए और इनमें से 42 को सरकारी और निजी अस्पतालों के आईसीयू में भर्ती किया गया है.
मंत्री के भाषण से पहले डीएमके और एआईएडीएमके समेत कई दलों ने अमोनिया गैस रिसाव हादसे पर विधानसभा में चर्चा की मांग की.
स्पीकर जेसीटी प्रभाकर ने इसे स्वीकार नहीं किया और कहा कि सदस्य इस पर तब बोल सकते हैं जब उन्हें मौक़ा दिया जाएगा.
पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है.
इस बीच, ज़िला प्रशासन ने अमोनिया गैस रिसाव से प्रभावित निजी कंपनी कर्मचारियों के लिए एक विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया है.
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर रविवार शाम उनके घर के बाहर धारदार हथियार से हमला हुआ. पुलिस के मुताबिक़ यह हमला ज़मीन विवाद के कारण हुआ.
हमले में घायल विजेंद्र नाथ तिवारी को पहले गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पटना एम्स रेफ़र कर दिया. फ़िलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
गोपालगंज के एसडीपीओ सदर-2 राजेश कुमार ने बीबीसी को बताया, “हमले में एक व्यक्ति शामिल था जिसकी गिरफ़्तारी हो चुकी है. यह विवाद ज़मीन को लेकर हुआ था.”
पंकज त्रिपाठी मूल रूप से गोपालगंज के रहने वाले हैं. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विजेंद्र नाथ तिवारी उनके सगे भाई हैं या रिश्तेदारी में आते हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हाल ही में विवाद सामने आया था. इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मेलोनी की आलोचना की है.
ट्रंप ने कहा कि हम इटली की दशकों से रक्षा करते आए हैं, लेकिन जब परीक्षा की घड़ी आती है तो वह हमारे साथ नहीं होता.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर सोमवार को लिखा, "नेटो पर खरबों डॉलर खर्च करने के बाद भी इटली और उसकी प्रधानमंत्री ईरान के परमाणु ख़तरे को लेकर हमारे साथ खड़े होने की सोच भी नहीं रखते."
उन्होंने लिखा, "दशकों से हम उनकी रक्षा करते हैं, लेकिन जब परीक्षा का वक़्त आता तो वे हमारी और दुनिया की रक्षा के लिए मौजूद नहीं होते. यह अच्छा नहीं है."
दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब ट्रंप ने एक इतालवी टीवी चैनल से कहा कि जी-7 शिखर सम्मेलन में मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए 'मिन्नत' की थी.
उनके इस बयान पर विवाद इतना बढ़ गया कि इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तायानी ने इस सप्ताहांत अपनी अमेरिका की यात्रा रद्द कर दी.
मेलोनी ने बीते शुक्रवार एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें ट्रंप के बयान से 'हैरानी' हुई और ये टिप्पणियां 'पूरी तरह मनगढ़ंत' हैं.
संबंधित कहानी: 'मैं कभी मिन्नतें नहीं करती' ट्रंप के किस बयान पर मेलोनी ने कही ये बात
इमेज स्रोत, Getty Images
क़तर के रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित एक गैस प्लांट में बड़ा धमाका हो गया. इस हादसे में 54 लोग घायल हुए और 18 लोग लापता हैं.
क़तर प्रशासन के अनुसार रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में एक धमाका हुआ और फिर बड़े पैमाने पर आग लग गई. कंपनी ने कहा कि इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं और थोड़े समय बाद आग पर क़ाबू पा लिया गया.
क़तर के गृह मंत्रालय ने बयान में कहा कि धमाके में 54 लोग घायल हुए हैं, जबकि 18 लोग लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है.
मंत्रालय के अनुसार, धमाका एक 'तकनीकी हादसे' की वजह से हुआ. इससे गैस का कोई ऐसा रिसाव नहीं हुआ, जो आम लोगों की सुरक्षा के लिए ख़तरा बने.
गृह मंत्रालय ने कहा, "क़तर इंटरनेशनल सर्च एंड रेस्क्यू ग्रुप, सिविल डिफ़ेंस टीमों के साथ मिलकर लापता लोगों की तलाश कर रहा है."
यह नहीं बताया गया कि धमाके से उस प्लांट को कोई नुकसान हुआ या नहीं, जो क़तर के घरेलू बाज़ार में गैस सप्लाई करता है.
इस बीच एक चश्मदीद ने रॉयटर्स को बताया कि धमाके की तेज़ आवाज़ राजधानी दोहा में भी सुनी गई.
इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया है कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो दो दिन की मध्य पूर्व यात्रा पर जाने वाले हैं.
मंत्रालय के मुताबिक़, 23 जून से शुरू होने वाली इस यात्रा के दौरान रुबियो संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कुवैत और बहरीन जाएंगे.
इस यात्रा के दौरान रुबियो कई क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें अमेरिका और ईरान का समझौता भी शामिल है.
इसके अलावा, होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर भी बातचीत करेंगे.
अमेरिकी विदेश मंत्री बहरीन में खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्यों से भी मिलेंगे और वहां मौजूद देशों के साथ मिलकर ज़रूरी मुद्दों पर बात करेंगे.
दूसरी ओर, स्विट्ज़रलैंड में ईरान और अमेरिका की बातचीत का पहला सत्र खत्म हो गया है. इसके बारे में पाकिस्तान और क़तर ने जानकारी साझा की है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.