Feedback
उत्तर प्रदेश की राजनीति में सोमवार को एक अजीब संयोग देखने को मिला. बदायूं के पूर्व विधायक सिनोद कुमार शाक्य ने दिन में अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी का दामन थामा. शाम को BJP ने प्रदेश वर्किंग कमेटी की नई सूची जारी की, तो उसमें भी सिनोद शाक्य का नाम दर्ज था. उन्हें बदायूं से प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है. सूची में उनका नाम 88वें नंबर पर है.
सिनोद शाक्य ने सोमवार को लखनऊ में अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ली. उनके साथ कुशाग्र सागर भी सपा में शामिल हुए. इसी दिन BJP ने उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति-2026 की सूची जारी की. इसमें कुल 548 सदस्यों के नाम हैं. सिनोद शाक्य का नाम भी इसी सूची में होने से यह मामला चर्चा में आ गया है. हालांकि, BJP की ओर से इस बारे में कोई अलग सफाई सामने नहीं आई है.
BJP ने प्रदेश वर्किंग कमेटी 2026 के साथ स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची भी जारी की है. प्रदेश कार्यसमिति में कुल 548 सदस्य हैं. इसके अलावा 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 134 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं.
स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी और सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नाम हैं. इनके अलावा केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, स्मृति ईरानी और स्वतंत्र देव सिंह को भी इस सूची में जगह मिली है.
यह भी पढ़ें: यूपी BJP की वर्किंग कमेटी का ऐलान, PM मोदी-CM योगी समेत 30 स्थायी सदस्य भी शामिल
134 विशेष आमंत्रित सदस्यों में ये नाम
BJP ने 134 विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची भी जारी की है. इसमें अरुण सिंह, राधा मोहन दास अग्रवाल, सुरेश नागर, राजेश अग्रवाल, राजकुमार चाहर और गौरव भाटिया समेत कई नेता शामिल हैं. बेबी रानी मौर्य और सुरेश खन्ना के नाम भी इस सूची में हैं.
प्रदेश कार्यसमिति में 548 सदस्य
BJP की प्रदेश कार्यसमिति में कुल 548 सदस्यों को जगह दी गई है. इनमें सत्यपाल सिंह, सरिता चौधरी, मुंशीलाल गौतम, रविंद्र राजौरा, सतीश शर्मा और अमित वाल्मीकि समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं. इसी सूची में बदायूं के सिनोद कुमार शाक्य का नाम भी 88वें नंबर पर दर्ज है, जबकि वह उसी दिन समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे. पार्टी ने स्थायी और विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची भी जारी की है.
सिनोद शाक्य का राजनीतिक सफर
सिनोद कुमार शाक्य 2007 और 2012 में बसपा के टिकट पर बदायूं की दातागंज सीट से विधायक बने थे. 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वह सपा में आए थे, लेकिन पार्टी ने दातागंज से कैप्टन अर्जुन सिंह यादव को टिकट दिया. बाद में विधान परिषद चुनाव में नामांकन वापस लेने के बाद वह BJP में चले गए.
अब सिनोद शाक्य एक बार फिर सपा में शामिल हो गए हैं. इसी दिन BJP की वर्किंग कमेटी की सूची में उनका नाम आने से यह घटनाक्रम चर्चा में है. फिलहाल, सूची में उनका नाम किस आधार पर बना हुआ है, इस पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू