सिरका, प्रतिनिधि। सीसीएल अरगड्डा क्षेत्र के सिरका परियोजना की खुली खदान में रविवार की शाम पांच बजे अचानक लगभग दो मीटर से अधिक पानी घुस जाने से खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। खदान में कार्य कर रहे मज़दूर कार्य छोड़कर भाग निकले। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त खदान में लगभग एक दर्जन मजदूर कार्यरत थे। वहीं खदान से चार डंपर व एक पोकलेन मशीन को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया। घटना के बाद परियोजना में उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। इससे सीसीएल को आर्थिक नुकसान हो रहा है। जानकारी मिली है कि जिस क्षेत्र में फिलहाल सिरका परियोजना की खुली खदान चल रही है, वहां पहले सिरका चानक भूमिगत खदान संचालित होती थी।
बंद भूमिगत खदान में पानी भरा हुआ है। उत्पादन के दौरान गैलरी कटने के कारण खुली खदान में भूमिगत खदान का पानी खुली खदान में प्रवेश कर गया है। जिससे खदान के नीचे हिस्से में पानी पूरी तरह से भर गया है। सिरका परियोजना में प्रतिदिन लगभग 2500 मीट्रिक टन कोयला तथा पांच हजार क्यूविक मीटर ओबी का उत्पादन किया जा रहा है। सीसीएल प्रबंधन ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए सिरका परियोजना को छह लाख मीट्रिक टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य दिया है।ऐसे में इस घटना से उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना है। घटना के बाद कोलियरी प्रबंधन ने स्थिति का निरीक्षण किया और पानी निकालने के लिए पंपिंग की व्यवस्था शुरू कर दी है। जल भराव के कारण कोयला उत्पादन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। जानकार मजदूरों का है कि खदान से पानी हटाने में कई दिन तक समय लग सकता है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play