पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आपत्तिजनक वीडियो मामले में एक बार फिर अपना पक्ष रखते हुए साफ कहा कि यह वीडियो उनकी नकल कर उन्हें बदनाम करने की सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। अकाल तख्त द्वारा उन्हें ‘गुरु दोखी’ और ‘खालसा पंथ विरोधी’ घोषित किए जाने के महज एक दिन बाद आए इस बयान में मान ने दो फोरेंसिक प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए पूरी तरह खंडन किया। एक वीडियो संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मैं उस वीडियो में नहीं हूं। कोई अभिनेता मेरी नकल कर रहा था। उसके बाल भी मेरी तरह ही रखे गए थे। यह साफ तौर पर मुझे बदनाम करने का प्रयास है।
सीएम मान ने दोनों लैबोरेटरीज की रिपोर्ट्स का विस्तार से जिक्र करते हुए बताया कि वीडियो के कुल 1191 फ्रेम्स की गहन जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का चेहरा, उसके सामने का हिस्सा, बगल का हिस्सा या शरीर का कोई भी अंग उनके साथ मैच नहीं करता। उन्होंने कहा कि एक भी फ्रेम ऐसा नहीं मिला जो मेरे चेहरे या शरीर से मेल खाता हो। इससे स्पष्ट प्रमाण मिलता है कि यह वीडियो फर्जी और बदनाम करने के मकसद से तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने लैब रिपोर्ट का एक और महत्वपूर्ण बिंदु सामने रखते हुए कहा कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की लंबाई उनसे एक इंच कम है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में पूछा कि क्या वीडियो में मेरी लंबाई एक इंच बढ़ सकती है? यह सवाल खुद रिपोर्ट का जवाब है। मान ने यह भी कहा कि वीडियो कब, कहां और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके द्वारा लिए गए जनहितैषी फैसलों को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और इसलिए उन्हें निशाना बना रहे हैं।
मान ने कहा कि हमारी सरकार गरीबों, किसानों और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। ऐसे फैसलों से कुछ लोग परेशान हैं, इसलिए वे ऐसी साजिशें रच रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव से आग्रह किया है कि वीडियो बनाने, संपादित करने और इसे वायरल करने वाले सभी लोगों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और न्याय के कटघरे में लाया जाए। इसी बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) का एक प्रतिनिधिमंडल डीजीपी गौरव यादव से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष और तेज जांच की मांग कर चुका है। पार्टी ने इसे एक बड़े ‘षड्यंत्र’ करार देते हुए कहा कि पूरी साजिश के पीछे कौन लोग हैं, उनकी पहचान कर उन्हें बेनकाब किया जाए।
दरअसल, यह विवाद तब और गहरा गया जब अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज्ज ने दावा किया कि दो फोरेंसिक प्रयोगशालाओं ने वीडियो को ‘प्रामाणिक’ पाया है। जत्थेदार ने कहा था कि वीडियो में न तो कोई एडिटिंग हुई है और न ही इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके बनाया गया है। इसी रिपोर्ट के आधार पर अकाल तख्त ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ सख्त फरमान जारी किया और उन्हें ‘गुरु दोखी’ तथा ‘खालसा पंथ विरोधी’ करार दिया।
देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play