बंसी पहाड़पुर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय को लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद आखिरकार पुनः हिंदी माध्यम में क्रमोन्नत कर दिया गया है। ग्रामीणों की यह मांग करीब चार वर्षों से लंबित थी, जिसे अब अंतिम रूप दे दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय विधायक डॉ. रितु बनावत से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम से फिर से हिंदी माध्यम में परिवर्तित करने की मांग रखी।
विधायक डॉ. बनावत ने ग्रामीणों की मांग पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से वार्ता की। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए, जिसके परिणामस्वरूप विद्यालय को हिंदी माध्यम में क्रमोन्नत करने का आदेश जारी हुआ।
इस निर्णय पर ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. रितु बनावत का आभार जताया है। उन्होंने विधायक को गांव में भव्य स्वागत के लिए आमंत्रित भी किया है। ग्रामीणों का मानना है कि हिंदी माध्यम लागू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को पढ़ाई में सुविधा मिलेगी और शिक्षा का स्तर बेहतर होगा।
इस अवसर पर गांव के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल को गांव की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.