सीहोर के बाल विहार मैदान में विजयदशमी पर दशहरा उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तेज बारिश के बावजूद रावण का वाटरप्रूफ पुतला सुरक्षित रहा, हालांकि तेज हवा के कारण उसके नौ सिर झुक गए थे। बाद में इन्हें ठीक कर दिया गया।
मुंबई के कलाकार दिखाएंगे आतिशबाजी
छावनी दशहरा उत्सव समिति की ओर से रावण और मेघनाद के पुतले स्थापित किए गए हैं। मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए पुतलों को रेनप्रूफ बनाया गया है। कार्यक्रम में मुंबई से आए कलाकार सतरंगी आतिशबाजी का प्रदर्शन करेंगे।
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा कार्यक्रम में मुख्य आशीर्वाददाता के रूप में शामिल होंगे। समिति के मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमिता अरोरा भी विशेष अतिथि रहेंगी।
श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से निकलेगी राम बारात
रावण दहन से पहले छावनी नमक चौराहे स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से भव्य राम बारात निकाली जाएगी। इसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और वानर सेना की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके बाद दशहरा उत्सव के तहत रावण दहन किया जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.