मेरठ ब्यूरो। वेंकेटेश्वरा विश्वविद्यालय समूह और यूनाइटेड किंगडम की हार्पर एडम्स यूनिवर्सिटी देश में जल्द ही ज्वाइंट कैम्पस की स्थापना करेंगे। इसके तहत दिल्ली स्थित होटल ताज मानसिंह में विशेष संयुक्त परिसर स्थापना सेरेमनी का आयोजन हुआ। इस अवसर पर वेंकेटेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष डॉ। सुधीर गिरि, वाइस चांसलर प्रो। कृष्णकांत दवे, प्रतिकुलाधिपति डॉ। राजीव त्यागी, सीईओ अजय श्रीवास्तव, और हार्पर एडम्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर और सीईओ प्रो। केन स्लोएन मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत परंपरागत भारतीय रीति से की गई, जहां वेंकेटेश्वरा विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने प्रो। केन स्लोएन को भारत का राष्ट्रीय प्रतीक &अशोक स्तंभ&य भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों को संस्थान की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मेरठ- गजरौला में खुलेगा परिसर
इस सहमति के तहत वेंकेटेश्वरा समूह के मेरठ और गजरौला परिसरों में हार्पर एडम्स यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर एक संयुक्त अंतरराष्ट्रीय शिक्षा केंद्र की स्थापना की जाएगी। इस ज्वाइंट कैम्पस में प्रमुख रूप से एग्रीकल्चर, फूड प्रोसेसिंग, हेल्थ केयर और मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसे विषयों में विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान प्रो। केन स्लोएन ने कहा कि भारत विश्व में शिक्षा के क्षेत्र में सबसे तेज़ी से उभरता हुआ देश है। यहां की प्रतिभा, संसाधन और ऊर्जा देखकर अब ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों की यूनिवर्सिटी भारत में अपने परिसरों की स्थापना के लिए उत्साहित हैं। हमें गर्व है कि हम वेंकेटेश्वरा जैसे प्रतिबद्ध शैक्षणिक समूह के साथ मिलकर भारत में शिक्षा का एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह समझौता केवल शिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शोध, नवाचार और स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के जरिए दो देशों के बीच गहरा शैक्षणिक संबंध स्थापित करेगा।
वैश्विक मानकों पर मिलेगी शिक्षा
डॉ। सुधीर गिरि ने कहा कि वेंकेटेश्वरा संस्थान अपने छात्रों को वैश्विक मानकों पर आधारित शिक्षा देने को प्रतिबद्ध है। हार्पर एडम्स यूनिवर्सिटी के साथ यह साझेदारी एक ऐतिहासिक पहल है जो हमारे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शोध के अवसर और वैश्विक करियर के लिए तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त परिसर न केवल भारतीय छात्रों बल्कि विदेशी छात्रों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
प्रतिकुलाधिपति डॉ। राजीव त्यागी ने जानकारी दी कि सहमति पत्र के आदान-प्रदान के बाद कुछ कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होते ही वेंकेटेश्वरा परिसर में हार्पर एडम्स यूनिवर्सिटी के सहयोग से संयुक्त विदेशी परिसर की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस ऐतिहासिक मौके पर कुलसचिव प्रो। पीयूष पांडेय, डॉ। राजेश सिंह, डॉ। प्रताप, बालाजी मयप्पन, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।
Copyright © 2025. All Rights Reserved