Feedback
दिल्ली के ख्याला इलाके में 22 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर दी. आरोप है कि उसकी मां उसे संपत्ति में हिस्सा देने से इनकार कर रही थी, क्योंकि वो अपनी पसंद की लड़की से शादी करना चाहता था. मृतक महिला के बड़े बेटे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि शुक्रवार की रात 8.30 बजे एक पीसीआर कॉल आई. कॉल करने वाले ने अपना नाम सावन बताते हुए कहा कि उसकी मां सुलोचना की किसी ने हत्या कर दी है. उसके कानों की सोने की बालियां भी गायब हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां पर लूटपाट की आशंका नहीं दिख रही थी. घर में कोई लूटपाट नहीं हुई थी. कीमती सामान मौजूद थे.
आरोपी बेटे पर ऐसे हुआ शक
इसके बाद पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी. मृतक महिला सुलोचना के बड़े बेटे कपिल (27) जो अकाउंटेंट के तौर पर काम करता है, से भी घटना के कारणों के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ की गई. इस बीच पुलिस टीमें तकनीकी जानकारी जुटाने और पड़ोसियों से पूछताछ करने पर भी काम करती रहीं. इस दौरान छोटे बेटे का आचरण संदिग्ध पाया गया.
गर्लफ्रेंड से शादी की चाहत
डीसीपी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर गहन पूछताछ और तकनीकी डेटा जुटाने के बाद सावन से कड़ाई से पूछताछ शुरू की गई. उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. सावन ने खुलासा किया कि उसके बड़े भाई कपिल की हाल ही में शादी तय हुई थी. इसके बाद उसने अपनी मां से पसंद की एक लड़की से शादी कराने की बात कही थी. गर्लफ्रेंड से शादी की बात सुनकर उसकी मां नाराज हो गई.
संपत्ति से बेदखली की धमकी
नाराज मां ने सावन को डांटते हुए धमकी दी कि यदि उसने दोबारा इस बारे में बताया तो उसे उनकी संपत्ति से हिस्सा नहीं मिलेगा. इससे सावन परेशान हो गया. उसने दावा किया कि उसने अपनी सारी कमाई अपनी मां को दे दी है. इससे आहत होकर उसने अपनी मां की हत्या की योजना बनाई. गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी कई बहाने बनाए थे.
Copyright © 2024 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू