Feedback
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा है. इस दौरान उन्होंने सहारनपुर की विवादित मस्जिद, संभल और जौहर यूनिवर्सिटी का मुद्दा भी उठाया.
सहारनपुर में एक जनसभा के दौरान ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘आज की इस रैली में आप लोगों की मौजूदगी पूरी यूपी की हुकूमत को एक पैगाम देती है, कि इस बार हम दरी नहीं बिछाएंगे, अपने नेता को बनाएंगे.’
उन्होंने दावा किया कि वो उत्तर प्रदेश में दोबारा बीजेपी सरकार नहीं चाहते. इसके लिए वो चुनाव से पहले गठबंधन करने को भी तैयार हैं. ओवैसी ने दावा किया कि AIMIM का मकसद बीजेपी को हराना है और चुनाव से पहले गठबंधन होने पर उनकी पार्टी जिसके साथ जाएगी, उसे जीत मिलेगी.
‘एलाइंस करने के लिए तैयार हूं’
ओवैसी ने इस दौरान कहा, ‘उत्तर प्रदेश की आवाम ने बरसों कांग्रेस का साथ दिया, आज मुस्लिम समाज में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है. अगर इस सरकार में किसी को फायदा हो रहा है तो सिर्फ उसे समुदाय को हो रहा है जिसका नाम इंग्लिश के वर्ड T से शुरू होता है. समाजवादी पार्टी पीडीए की बात करती है, लेकिन उनको तकलीफ सिर्फ पीडीए के वक्त होती है. सहारनपुर में लकड़ी का काम मुदास्सिर हो गया और यहां से कारोबार जयपुर चला गया.’
उन्होंने आगे कहा, मैं आज उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कह रहा हूं कि यूपी में दोबारा बीजेपी की सरकार ना बने, इसके लिए मैं एलाइंस करने के लिए तैयार हूं. 12 साल से बीजेपी की सरकार है और पेपर पर पेपर लीक होता रहता है. हजारों परिवारों के बच्चे जो गरीब परिवार से थे, आज वो परेशान हैं.
मस्जिदों को नोटिस पर दी प्रतिक्रिया
ओवैसी कहते हैं कि आज आप देखते हैं कि संभल में मस्जिद को शहीद कर दिया गया और सहारनपुर में एक मस्जिद को नोटिस दिया जा रहा है कि 6.5 करोड़ जुर्माना भरो और 15 दिन में मस्जिद को शहीद कर दिया जाएगा. रामपुर में इन्होंने यूनिवर्सिटी गिराने का नोटिस दे दिया. बाबा सो रहे थे, अब चुनाव में प्लान A (अयोध्या) चलेगा, लेकिन वो चोरी और लूट पर फेल हो गया. उसके बाद फिर बाबा ने प्लान M (मुस्लिम) निकाला.
दिलचस्प बात यह रही कि ओवैसी के मंच पर पहुंचते ही माइक बंद हो गया, जो करीब 10 मिनट तक बंद रहा. इसके बाद जब ओवैसी ने बोलना शुरू किया, तो बोलते-बोलते भी 5 से 7 बार माइक बंद हुआ. इस पर ओवैसी ने तंज कसते हुए माइक वाले को ही राजनीतिक दलों से जोड़ दिया.
समाजवादी पार्टी पर तंज
AIMIM चीफ ने कहा, ‘अयोध्या की चोरी को छुपाने के लिए यूनिवर्सिटी और मस्जिद तोड़ देंगे. मुझे बहुत कुछ कहना था लेकिन मुझे लगता है ये साउंड सिस्टम बाबा की B टीम बन चुका है. लगता है साउंड कंपनी वाला समाजवादी पार्टी का है, लेकिन कोई बात नहीं मैं फिर आऊंगा सहारनपुर.’
पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार पर हमला
बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में लगातार पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं. इससे लाखों गरीब परिवारों के बच्चों का भविष्य बर्बाद हुआ है. उन्होंने NEET परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि मेहनत करने वाले छात्र और उनके परिवार परेशान हैं, लेकिन सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं कर सकी. बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवाओं को न्याय नहीं मिल रहा है.
यह भी पढ़ें: क्या ओवैसी वाकई UP का गेम बदलने का माद्दा रखते हैं? समझें AIMIM की जमीनी हकीकत
ओवैसी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी तीखे सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज ने सालों तक कांग्रेस का साथ दिया, लेकिन आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी और शिक्षा की कमी इसी समाज में देखने को मिल रही है. उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी PDA की बात तो करती है, लेकिन मुस्लिम नेतृत्व को आगे बढ़ाने की इच्छा नहीं दिखाती.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू