बलरामपुर। 21 नवंबर 2026|छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के पूर्व शाखा प्रभारी और पूर्व क्षेत्र सहायक पर 23 लाख 25 हजार रुपये गबन करने का गंभीर आरोप सामने आया है। आरोप है कि दोनों पूर्व कर्मचारियों ने कुल 62 लोगों से लोन अकाउंट बंद कराने के नाम पर एकमुश्त रकम वसूल ली, लेकिन यह राशि कंपनी के बैंक खाते में जमा करने के बजाय हड़प ली। मामला उजागर होने के बाद कंपनी के वर्तमान शाखा प्रबंधक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
स्व सहायता समूहों को लोन देती है कंपनी, पूर्व कर्मियों पर आरोप
पुलिस के मुताबिक, स्वमान फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के वर्तमान शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार कंवर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी स्व सहायता समूहों को कारोबार शुरू करने और आगे बढ़ाने के लिए लोन उपलब्ध कराती है। शिकायत के अनुसार, कंपनी में पूर्व में जशपुर निवासी सुनील बेहरा (33) शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे, जबकि पचावल निवासी डब्लू कुमार कसेर (26) बलरामपुर क्षेत्र सहायक के रूप में काम करते थे।
62 लोगों से वसूली रकम, खाते में नहीं हुई जमा
शिकायत में बताया गया है कि पूर्व शाखा प्रबंधक सुनील बेहरा ने जून 2025 से अगस्त 2026 के बीच 33 कर्जदारों से लोन खाता बंद कराने के नाम पर 12 लाख 71 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूली। हालांकि, यह रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई। इसी प्रकार पूर्व क्षेत्र सहायक डब्लू कुमार कसेर पर आरोप है कि उसने अक्टूबर 2025 से जून 2026 के बीच 29 लोगों से लोन बंद कराने के एवज में 10 लाख 54 हजार रुपये लिए और कंपनी में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिए। दोनों द्वारा कुल 23 लाख 25 हजार रुपये की राशि का गबन किए जाने की बात सामने आई है।
किस्त और बकाया की मांग पर खुला पूरा राज
इस पूरे गबन का खुलासा तब हुआ, जब कुछ समय बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से लोन लेने वाले ग्राहकों से किस्त और बकाया रकम जमा करने के लिए संपर्क किया गया। इस पर ग्राहकों ने चौंकाने वाली जानकारी दी कि वे अपना लोन खाता बंद कराने के लिए पहले ही पूरी रकम संबंधित कर्मचारियों को दे चुके हैं। इसके बाद प्रभावित 62 लोग बलरामपुर स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम को लेकर लिखित शिकायत दी।
बातचीत में कबूली रकम लेने की बात, फिर भी नहीं किया जमा
ग्राहकों की शिकायत के बाद जब कंपनी के अधिकारियों ने दोनों पूर्व कर्मचारियों से इस मामले में पूछताछ की, तो उन्होंने लोगों से पैसे लेने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने यह भरोसा भी दिलाया कि वे ली गई रकम कंपनी के खाते में जमा कर देंगे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पैसे जमा नहीं किए।
बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, जांच जारी
कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, लोन खातों में अब भी बकाया राशि दिखाई देने के कारण ग्राहक और कंपनी दोनों ही परेशानियों का सामना कर रहे हैं। वर्तमान शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार कंवर की शिकायत पर बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सुनील बेहरा और डब्लू कुमार कसेर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(5) और 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले के सभी दस्तावेजों और लेनदेन की बारीकी से जांच कर रही है।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।