बिलासपुर। 13 नवंबर 2026| छत्तीसगढ़ बिलासपुर हाई कोर्ट ने मानवता को शर्मसार कर देने वाले एक नाबालिग के दैहिक शोषण और संगठित देह व्यापार के मामले में बेहद कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने इस कुकृत्य में शामिल तीन आरोपियों को किसी भी तरह की राहत देने से इनकार करते हुए उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं।
खास बात यह रही कि सुनवाई के दौरान खुद पीड़िता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत के सामने पेश होकर आरोपियों की जमानत का विरोध किया। जस्टिस राकेश मोहन पांडेय के सिंगल बेंच ने मामले की गंभीरता और साक्ष्यों को देखते हुए यह सख्त फैसला सुनाया है।
भाई गया था बाहर, मौसी ने पैसों के लालच में किया सौदा
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, पीड़िता का भाई कुछ दिनों के लिए नौकरी के सिलसिले में विशाखापत्तनम गया हुआ था। इस दौरान नाबालिग को उसकी अपनी मौसी हरजिंदर कौर की देखरेख में छोड़ा था। लेकिन जिस मौसी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने हवस और पैसों की लालच सारी हदें पार कर दीं।
आरोप है कि मौसी ने 20 मई 2025 को सुनियोजित तरीके से नाबालिग को रामनगर स्थित सह-आरोपी सुलोचना टांडी के घर पहुंचा दिया। वहां से पीड़िता की तस्वीरें अलग-अलग लोगों और ग्राहकों को भेजी जाती थी। महज चार से पांच हजार रुपए में सौदा कर उसे दरिंदों के हवाले कर दिया जाता था।
होटलों में ले जाकर किया यौन शोषण, विरोध पर दी धमकी
सुलोचना के घर के अलावा पीड़िता को पावर हाउस और रायपुर रोड स्थित विभिन्न होटलों में ले जाकर कई लोगों द्वारा उसका लगातार शारीरिक शोषण किया गया। जब नाबालिग ने इस गंदे खेल का विरोध किया या अपने घर बताने की बात कही, तो आरोपियों ने उसे झूठे मामलों में फंसाकर बर्बाद करने की धमकी दी। अंततः प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अपनी बड़ी मौसी को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और सनसनीखेज खुलासे हुए।
तीनों आरोपियों की थी अलग-अलग क्रूर भूमिका
लखविंदर कौर उर्फ लकी: इसकी संलिप्तता को साबित करने के लिए पुलिस ने सह-आरोपी के बयान और पुख्ता मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) कोर्ट में पेश किए।
बी. केशवन रेड्डी उर्फ केशव: पीड़िता ने इसे उन लोगों में शामिल बताया जिन्होंने उसका यौन शोषण किया था। अदालत ने माना कि इसकी पहले भी जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और परिस्थितियों में कोई बदलाव नहीं आया है।
आनंद कुर्रे: इसने 20 मई से 2 जुलाई 2025 के बीच कई बार अपनी कार में बैठाकर पीड़िता को अलग-अलग जगहों पर पहुंचाया और उसका दैहिक शोषण किया।
पुलिस ने इन तीनों समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 98, 3(5), 64 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 6 के तहत गंभीर अपराध दर्ज कर चार्जशीट दाखिल की है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में खड़ी हुई पीड़िता
सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से शासकीय अधिवक्ता शरद मिश्रा ने कोर्ट को बताया कि यह मामला किसी साधारण अपराध का नहीं, बल्कि एक नाबालिग के संगठित देह व्यापार और बार-बार होने वाले पाशविक शोषण का है। घटना के समय पीड़िता की उम्र महज 17 वर्ष 10 महीने थी।
अदालत के विशेष निर्देश पर 2 सितंबर 2026 को पीड़िता अपने भाई के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया में शामिल हुई और उसने खुद अदालत के सामने हाथ जोड़कर आरोपियों की जमानत याचिका खारिज करने का आग्रह किया।
हाई कोर्ट की दोटूक: अपराध बेहद गंभीर, राहत नहीं दी जा सकती
हाई कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि यह मामला किसी एक छिटपुट घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार एक बड़े और गंभीर आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े हैं। पीड़िता द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 183 के तहत दिए गए बयानों में सभी आरोपियों के खिलाफ विशिष्ट और पुख्ता आरोप दर्ज हैं। अदालत ने साक्ष्यों की प्रकृति को देखते हुए लखविंदर कौर, आनंद कुर्रे और केशवन रेड्डी की जमानत अर्जियों को एक सिरे से खारिज कर दिया।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।