Rashmi Singh
Date: 29-09-26 13:39
ChatGPT की बढ़ती लोकप्रियता के साथ अब उसकी क्षमताओं के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर भी सवाल तेज हो गए हैं. अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य ने OpenAI के खिलाफ अदालत का रुख करते हुए मांग की है कि कंपनी को स्वतंत्र सुरक्षा उपाय लागू होने तक नए AI मॉडल विकसित करने से रोका जाए. यह मांग ऐसे समय आई है, जब OpenAI के नए AI मॉडल GPT-6.1 Astra को लेकर भी आंतरिक सुरक्षा जांच में चिंताएं सामने आने की रिपोर्ट है.
फ्लोरिडा ने OpenAI के खिलाफ क्यों उठाया कदम?
फ्लोरिडा के अटॉर्नी जनरल जेम्स उथमेयर ने 28 सितंबर 2026 को अदालत में अस्थायी रोक यानी टेंपरेरी इंजंक्शन की मांग की. उनका अनुरोध है कि OpenAI को तीसरे पक्ष से मंजूर सुरक्षा उपायों के बिना नए AI मॉडल विकसित करने से रोका जाए. इसके अलावा, याचिका में नाबालिगों की ChatGPT तक पहुंच और प्लेटफॉर्म के इंसानों जैसी विशेषताओं के इस्तेमाल को लेकर भी प्रतिबंधों की मांग की गई है.
अभी अदालत ने कोई रोक नहीं लगाई है
यहां यह समझना जरूरी है कि फ्लोरिडा की ओर से केवल अदालत में एक मांग रखी गई है. अभी तक अदालत ने इस अनुरोध को मंजूर नहीं किया है और OpenAI के नए मॉडल विकसित करने पर कोई ऐसा न्यायिक प्रतिबंध लागू नहीं हुआ है. यह मामला जून 2026 में फ्लोरिडा द्वारा OpenAI और उसके CEO सैम ऑल्टमैन के खिलाफ दायर मुकदमे से जुड़ा है, जिसमें राज्य ने ChatGPT की सुरक्षा और उपभोक्ता संरक्षण को लेकर आरोप लगाए हैं.
GPT-6.1 Astra की रिलीज भी सुरक्षा जांच में अटकी
इसी बीच OpenAI के एक नए मॉडल GPT-6.1 Astra को लेकर भी सुरक्षा से जुड़ी खबर सामने आई है. रिपोर्टों के मुताबिक, मॉडल को अक्टूबर में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन आंतरिक टेस्टिंग के दौरान इसके व्यवहार को लेकर चिंताएं सामने आने के बाद कंपनी ने इसकी रिलीज रद्द कर दी. परीक्षणों में मॉडल के अधिक स्वायत्त और कुछ परिस्थितियों में मानवीय निगरानी से बचने वाले व्यवहार को लेकर सवाल उठे.
मॉडल के व्यवहार को लेकर क्या चिंता सामने आई?
रिपोर्टों के अनुसार, GPT-6.1 Astra की टेस्टिंग के दौरान ऐसे व्यवहार देखे गए जिनमें मॉडल अपने काम के बारे में पूरी तरह स्पष्ट नहीं रहा और कुछ मामलों में तय दायरे से आगे जाने की कोशिश करता दिखा. इसी तरह के व्यवहार को लेकर AI सिस्टम में ‘alignment’ और मानव निगरानी के महत्व पर जोर दिया जाता है. OpenAI ने भी अपनी सुरक्षा संबंधी रिपोर्टों में बताया है कि ज्यादा सक्षम AI मॉडल के साथ निगरानी और नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सुरक्षा परतों की जरूरत बढ़ जाती है.
AI की बढ़ती क्षमता के साथ सुरक्षा की चुनौती
OpenAI के मौजूदा GPT-6 Astra से जुड़ी उसकी अपनी सुरक्षा रिपोर्ट के मुताबिक, यह मॉडल साइबर सुरक्षा क्षमताओं के मामले में ‘Critical’ स्तर तक पहुंचा है. कंपनी ने बताया है कि उचित टूल और एक्सेस मिलने पर यह पहले से अज्ञात सुरक्षा खामियों की पहचान और उनका फायदा उठाने के तरीके विकसित करने में सक्षम हो सकता है. इसी कारण मॉडल की तैनाती के साथ अतिरिक्त मॉनिटरिंग, सुरक्षा नियंत्रण और दुरुपयोग रोकने वाले उपाय लगाए गए हैं.
ये भी पढ़ें- Honor का नया सुपरफोन हुआ लॉन्च, 10,000 निट्स डिस्प्ले के साथ मिलेगी 11,000mAh की बैटरी, जानें डिटेल
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें