मुंबई में सोमवार (18 अगस्त) की सुबह से भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने पहले से ही अत्यंत तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हुआ है. इस बीच महानगर पालिका ने स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है.
आईएमडी के मुताबिक, मुंबई के कई हिस्सों में सोमवार को 9 घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई. पूर्वी उपनगर विक्रोली में सबसे अधिक 135 मिलीमीटर बारिश हुई. खराब मौसम के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुईं, कुछ विमानों को हवाई अड्डे पर उतरने से पहले आसमान में फिर से चक्कर लगाना पड़ा और एक उड़ान का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया.
10 घंटे तक फंसी रही बच्चों की स्कूल बस
लगातार बारिश के कारण सोमवार को शहर के स्कूल और कॉलेज आधे दिन की कक्षाओं के बाद बंद कर दिए गए. नगर निकाय ने बताया कि आईएमडी के अत्यधिक भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण ये मंगलवार को भी बंद रहेंगे. माटुंगा थाने के पास सड़क पर जलभराव में एक स्कूल बस फंस गई, जिसमें छह बच्चे, दो महिला कर्मचारी सवार थे. यह बस लगभग एक घंटे तक फंसी रही.
मुंबई शहर की रफ्तार थमी
महानगरपलिका ने बताया कि भारी बारिश के कारण मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाली सात में से छह झीलें उफान पर हैं. पुलिस के अनुसार, वकोला पुल, हयात जंक्शन और खार सबवे पर जलभराव की सूचना मिली है, जिसके कारण यातायात की गति धीमी हो गई है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य भर में बारिश और बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए मंत्रालय नियंत्रण कक्ष में एक समीक्षा बैठक बुलाई.
कई जगह 200mm से ज्यादा बारिश
मुंबई के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई, जिसमें पूर्वी उपनगरों के विक्रोली में सर्वाधिक 255.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. सांताक्रूज वेधशाला ने 238.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जबकि कोलाबा वेधशाला ने 110.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की.
सांताक्रूज वेधशाला में पश्चिमी उपनगरों और कोलाबा वेधशाल में दक्षिण मुंबई की मौसम से जुड़ी जानकारी जुटाई जाती है. आईएमडी ने बताया कि विक्रोली में सबसे अधिक 255.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद भायखला में 241 मिलीमीटर, जुहू में 221.5 मिलीमीटर और बांद्रा में 211 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
भारी बारिश के बीच यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. ठाणे और कल्याण के लिए दो लोकल शुरू हुई है. वहीं बदलापुर की ट्रेन भी शुरू की गई है.
मुंबई में भारी बारिश के बीच माइसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क स्टेशनों के बीच एलिवेटेड मोनो रेल फंस गई. बचाव कार्य के लिए क्रेनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
भारी बारिश के बीच मुंबई के मैसूर कॉलोनी में एक घंटे से मोनो रेल फंसी है. फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है. महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बताया कि मामूली पावर सप्लाई से जुड़ी समस्या की वजह से ऐसा हुआ है. मेंटेनेंस टीम जल्द इसे ठीक करने में जुटी है.
अगले 12 घंटों के लिए मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, रत्नागिरी, पालघर, रायगढ़, पुणे घाट, नाशिक घाट और चंद्रपुर इन क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया. सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर घाट, गढ़चिरोली, धुले, वर्धा, नागपुर, गढ़चिरोली, गोंदिया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मछुआरों को समुद्र में न जाने के निर्देश दिए गए हैं.
मुंबई में लगभग 300 मिमी की रिकॉर्ड बारिश हुई. इसकी वजह से मीठी नदी का जलस्तर बढ़ गया. पानी बढ़ने से 400-500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा. पानी से लबालब सड़कों ने कई जगहों पर नदियों का रूप ले लिया.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.