कृपया धैर्य रखें।
ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने बताया कि, भारतीय सेना ने 13 पाकिस्तानी विमान और 11 एयरफील्ड नष्ट किए थे। …और पढ़ें
ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर प्रेस वार्ता करते तीनों सेनाओं के अधिकारी। (सोर्स – पीटीआई)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर गुरुवार को डिप्टी चीफ ऑफ एयर स्टाफ, एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने प्रेस वार्ता किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, “भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान 13 पाकिस्तानी विमान नष्ट किए और उनके 11 एयरफील्ड पर हमला किया। उन्होंने आगे कहा कि, इसका सबूत सबके देखने के लिए उपलब्ध है।”
एयर मार्शल भारती ने आगे कहा कि, “भारतीय सेना ने 7 मई, 2025 को नौ आतंकवादी शिविरों को भी निशाना बनाया था। इसमें 300 किलोमीटर से ज्यादा की रिकॉर्ड दूरी पर मौजूद एक हाई वैल्यू एयरबोर्न एसेट (हवाई संपत्ति) को भी नष्ट किया गया।” उन्होंने फिर जोर देकर कहा कि, भारतीय सेना या नागरिक बुनियादी ढांचे को कोई भी बड़ा नुकसान पहुंचाने में पाकिस्तान नाकाम रहा। भारती ने पाकिस्तान के बार-बार जीत के दावों को भी खारिज कर दिया।
एयर मार्शल भारती ने कहा, “एक सवाल जो बार-बार उठता है, वह यह है कि हमने लड़ाई रोकने पर सहमति क्यों दी? मैं अपने लोगों की, खासकर युवा पीढ़ी की नाराजगी को पूरी तरह समझता हूं, खासकर पाकिस्तान के साथ हमारे अनुभवों को देखते हुए। लेकिन मुझे यहां एक बात साफ करने की अनुमति दें। हमारी लड़ाई आतंकवादियों और उनके सहायक बुनियादी ढांचे के साथ थी। और हमने ठीक उसी पर हमला किया, यह सुनिश्चित करते हुए कि कोई भी कोलेटरल डैमेज (अतिरिक्त नुकसान) न हो।”
“हमने अपने लक्ष्य हासिल कर लिए थे, और हमारा मिशन पूरा हो चुका था। लेकिन जब पाकिस्तानी हुकूमत ने आतंकवादियों का साथ देने और इस लड़ाई को अपनी लड़ाई बनाने का फैसला किया, तो हमारे पास भी उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब देने के अलावा कोई चारा नहीं बचा था। यह आत्मरक्षा का मामला था, जो महज एक ‘आतंकवाद-विरोधी अभियान’ से कहीं बढ़कर था। जब हमने जवाब दिया, तो वह बेहद घातक और निर्मम था।”
उन्होंने आगे कहा कि, “भारत की तरफ से जवाब निर्णायक था और मार खाने के बाद दुश्मन को अक्ल आ गई। इसके बाद उन्होंने लड़ाई रोकने की गुजारिश की। जब यह गुजारिश आई, तो हमने लड़ाई रोक दी। हम पीछे हट गए, लेकिन हमने अपनी आंखें नहीं झुकाईं। हमने अपना संदेश दे दिया था, और वह संदेश बहुत साफ था कि कोई भी दुस्साहस बिना जवाब के नहीं रहेगा, और आतंकवाद के हर काम के नतीजे भुगतने पड़ेंगे।”
यह भी पढ़ें- Operation Sindoor Anniversary: डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर पर ‘ब्रह्मोस’ से सीएम योगी ने दी ‘दुश्मन’ को चेतावनी