भास्कर अपडेट्स: पुणे में भाजपा विधायक के मामा की हत्या, मॉर्निंग वॉक पर चार-पांच लोगों ने अगवा किया था – Dainik Bhaskar

महाराष्ट्र में सत्ताधारी पार्टी के विधायक योगेश टिलेकर के मामा की सोमवार को अज्ञात लोगों ने अगवाकर हत्या कर दी। मृतक का नाम सतीश वाघ (55) है। सोमवार को जब वे मॉर्निंग वॉक पर निकले तो पुणे के हड़पसर इलाके में शेवालवाड़ी चौक के पास चार-पांच लोगों ने उन्हें जबरन SUV में बैठा लिया। पुलिस ने तुरंत उन्हें तलाश करना शुरू किया। बाद में उनका शव शेवालवाड़ी चौक से 40 किमी दूर पुणे-सोलापुर हाईवे पर यवत के पास मिला। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण को मिली जान से मारने की धमकी, जांच शुरू
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को सोमवार को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपी ने स्टाफ को फोन करके गालियां देते हुए हत्या की चेतावनी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में माइन ब्लास्ट, एक जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सोमवार को लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास माइन में ब्लास्ट हो गया। इसके चलते सेना का एक जवान शहीद हो गया। यह जवान थानेदार टेकरी इलाके में गश्ती दल का हिस्सा था। उसने गलती से माइन पर पैर रख दिया, जिसके चलते ब्लास्ट हुआ। सैनिक की पहचान 25 राष्ट्रीय राइफल्स के हवलदार वी सुब्बैया वरिकुंटा के तौर पर हुई है।
असम के कछार से 3 बांग्लादेशी नागरिक अरेस्ट हुए, उनकी मदद करने वाले 2 अन्य भी गिरफ्तार
असम के कछार जिले से सोमवार को तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। तीनों को पेट्रोलिंग टीम ने कटिगोराह इलाके में कार से ट्रैवल करते हुए पकड़ा। ये सभी बांग्लादेश के हबीगंज के रहने वाले हैं। उनकी पहचान झुमा दास, करुणा रानी दास और रिमोन बैष्णव के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सभी कटिगोराह सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुए थे। अवैध तरीके से भारत आने में इनकी मदद करने के लिए दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की और आगे की जांच के लिए सिलचर भेज दिया है।
पुणे के पिंपरी चिंचवड़ में कबाड़ गोदाम में लगी आग, फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां आग बुझाने पहुंचीं
पुणे के पास पिंपरी चिंचवाड़ टाउनशिप में एक कबाड़ गोदाम में सोमवार सुबह आग लग गई। इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ है। नगर निगम के अधिकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 10 बजे कुदलवाड़ी इलाके में स्थित कबाड़ गोदाम में लगी। आग बुझाने के लिए करीब 20 दमकल गाड़ियों को भेजा गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सुप्रीम कोर्ट का मणिपुर सरकार को नोटिस, मई 2023 से जारी हिंसा में नष्ट हुई संपत्तियों का ब्योरा मांगा
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मणिपुर सरकार से राज्य में मई 2023 से जारी जातीय हिंसा के दौरान आंशिक रूप से जलाई गई और अतिक्रमण की गई संपत्तियों की जानकारी मांगी है। कोर्ट ने राज्य सरकार से उपद्रवियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का विवरण भी देने को कहा है।
CJI संजीव खन्ना और जस्टिस संजय कुमार की बेंच ने याचिका पर 20 जनवरी से शुरू होने वाले हफ्ते में सुनवाई तय की है।
शिलॉन्ग जा रहे प्लेन से पक्षी टकराया, विंडशील्ड टूटी, पटना में इमरजेंसी लैंडिंग; कोच्चि जा रहे प्लेन में तकनीकी खराबी, चेन्नई में उतरा
सोमवार को 2 फ्लाइट्स की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। पहला मामला दिल्ली से शिलॉन्ग जा रही फ्लाइट से जुड़ा है। जिसकी पटना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। प्लेन की विंडशील्ड से पक्षी टकरा गया था। जिससे वह टूट गई। अधिकारियों के मुताबिक विमान के सभी 80 यात्री सुरक्षित हैं।
इसके अलावा, कोच्चि जा रहे एक प्राइवेट कंपनी के प्लेन की भी सोमवार को चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक प्लेन में तकनीकी खराबी आई थी। फ्लाइट में 117 यात्री थे। सभी सुरक्षित हैं।
श्रीनगर-बारामूला नेशनल हाईवे पर मिला संदिग्ध बैग, IED होने का संदेह, सुरक्षा बलों ने नष्ट किया
उत्तरी कश्मीर के बारामूला के पट्टन इलाके के पास एक संदिग्ध बैग मिला। ये बैग सुरक्षा बलों को पेट्रोलिंग के दौरान श्रीनगर-बारामूला हाईवे पर सड़क किनारे पड़ा मिला। इसके बाद बैग की जांच के लिए बम डिस्पोजल स्क्वॉड को बुलाया गया। ऐहतियातन सुरक्षा बलों ने ट्रैफिक को रोक दिया गया। बाद में बैग को डिस्ट्रॉय कर दिया गया।
पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद में बम ब्लास्ट, 3 की मौत; धमाके से मकान की छत गिरी
पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले में बम ब्लास्ट से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक घर में देशी बम बनाया जा रहा था, इसी दौरान धमाका हुआ। इसकी तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान की छत ढह गई। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
दिल्ली के 2 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, स्टूडेंट्स भी स्कूल पहुंच चुके थे
दिल्ली के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी मिला। सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे दिल्ली पब्लिक स्कूल और पश्चिम विहार के जीडी गोयनका स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में बम की धमकी मिली। उस समय तक स्टूडेंट्स भी स्कूल पहुंच चुके थे। धमकी की खबर आते ही स्टूडेंट्स को घर भेज दिया गया और पुलिस को जानकारी दी गई। फायर डिपार्टमेंट और दिल्ली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
CBI ने भुवनेश्वर से रिश्वतखोर ऑफिसर को रंगेहाथ पकड़ा, लग्जरी कार से ₹10 लाख बरामद
CBI ने रिश्वतखोरी के एक मामले में सेंट्रल PSU के एक सीनियर ऑफिसर को भुवनेश्वर में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि उनकी लग्जरी कार से 10 लाख रुपये बरामद हुए।
सीनियर ऑफिसर की पहचान ब्रिज एंड रूफ कंपनी के ग्रुप जनरल मैनेजर चंचल मुखर्जी के रूप में हुई है। रिश्वत देने के आरोप में दो लोगों संतोष मोहराणा और देबदत्त महापात्रा को भी गिरफ्तार किया गया है। CBI के मुताबिक मुखर्जी वर्क ऑर्डर देने और बिल पास करने के लिए रिश्वत लेते थे।
पिछले 1 हफ्ते में मणिपुर के 3 जिलों से स्नाइपर राइफल, ग्रेनेड, मशीन गन जैसे 14 हथियार बरामद
मणिपुर के चुराचांदपुर, कांगपोकपी और थौबल जिलों में पिछले एक हफ्ते में 14 हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। सेना ने असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और अन्य सिक्योरिटी फोर्सेज के साथ मिलकर इन जिलों में ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया था।
बरामद हथियारों में स्नाइपर राइफल, लेथोड गन, 9 mm पिस्टल, सिंगल बैरल ब्रीच लोडिंग (SBBL) गन, 7.62 mm सेल्फ-लोडिंग राइफल, 12 बोर की सिंगल बैरल गन, SLR, कार्बाइन मशीन गन, डबल बैरल राइफल, ग्रेनेड सहित अन्य गोला-बारूद शामिल हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News