झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर विधानसभा के कमरा नंबर 42 में जारी वोटिंग पूरी हो गई है। सभी 81 विधायकों ने मतदान कर दिया है। मतदान की प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू हुई। वोटिंग समाप्त होने के बाद अब मतपेटी सील किया जाएगा।
इसके बाद चुनाव आयोग से मिले निर्देश के बाद शाम 5 बजे से काउंटिंग शुरू होगी। जानकारी के मुताबिक देर शाम 8 बजे तक परिणाम जारी हो सकते हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पहला वोट BJP विधायक नवीन जायसवाल ने डाला। वहीं मत JMM विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने डाले।
इससे पहले सुबह मतदान के लिए कांग्रेस और एनडीए विधायक बसों से अपने-अपने होटल से निकले और विधानसभा पहुंचे। वहीं जेएमएम के विधायक भी वोट देने सीएम आवास से निकले और विधानसभा पहुंचे। सीएम हेमंत सोरेन पत्नी विधायक कल्पना सोरेन के साथ विधानसभा पहुंचे। मतदान किया।
नेताओं के चेहरे उतरे हुए नजर आ रहे
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत का दावा करते हुए कहा कि दलगत स्थिति के हिसाब से भाजपा दूसरा सबसे बड़ा दल है। पार्टी ने नाथवानी को समर्थन देने का फैसला किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि अन्य दलों के विधायक भी उन्हें समर्थन देंगे। राज्यसभा चुनाव में कई बार दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर मतदान होता है।
वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी की जीत का दावा किया। कहा कि खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस चुनाव का नेतृत्व कर रहे हैं, जिससे पार्टी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेताओं के चेहरे उतरे हुए नजर आ रहे हैं।
उम्मीदवारों ने किए जीत के दावे
मतदान शुरू होने से पहले राज्यसभा उम्मीदवार बैजनाथ राम और प्रणव झा पहुंचे। वहीं एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी विधानसभा पहुंचे। बैजनाथ राम ने कहा कि हमारी जीत सुनिश्चित है। कहीं से कोई संशय नहीं है। वहीं परिमल नाथवानी ने भी जीत के दावे किए हैं।
झारखंड में 2 सीटों पर 3 कैंडिडेट चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें सबसे अहम मुकाबला NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी और कांग्रेस के प्रणव झा के बीच है। जबकि JMM के बैजनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
राज्यसभा चुनाव से जुड़ी तस्वीरें देखें…
महागठबंधन के पास कुल 56 विधायक
संख्या बल की बात करें तो महागठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं, जो दोनों उम्मीदवारों को जिताने के लिए पर्याप्त माने जा रहे हैं। वहीं NDA के पास 24 वोट ही हैं। ऐसे में 4 अतिरिक्त वोटों की जुगाड़ को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।
किसी भी तरह की टूट-फूट या क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए सभी दल सतर्क हैं। कांग्रेस के विधायकों को होटल में रखा गया, जबकि NDA के विधायक भी मंगलवार से ही होटल में ठहरे हुए हैं। सभी विधायकों को मतदान प्रक्रिया और रणनीति को लेकर लगातार दिशा-निर्देश दिए गए। मॉक पोलिंग भी कराई गई।
बस से विधानसभा पहुंचे एनडीए और कांग्रेस के विधायक
मतदान के लिए होटलों में ठहरे एनडीए व कांग्रेस के विधायक बसों से विधानसभा पहुंचे। विधानसभा पहुंचे विधायकों में जीत के कांफिडेंस देखने को मिला। सभी ने कहा कि जीत हमारी ही होगी। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं।
दिन भर चला बैठकों और मॉक पोल का दौर
एनडीए के बाद कांग्रेस विधायक भी बुधवार को होटल में शिफ्ट हो गए। बुधवार को होटल में दो-तीन बार बैठक कर रणनीति तय की गई। राजनीतिक समीकरणों पर मंथन का दौर चला। राजद के केंद्रीय महासचिव भोला यादव भी अपने चारों विधायकों संजय प्रसाद यादव, संजय सिंह यादव, सुरेश पासवान और नरेश प्रसाद सिंह के साथ पहुंचे।
बैठक में हिस्सा लेकर वापस लौट गए। वहीं माले के विधायक अरूप चटर्जी और चंद्रदेव महतो भी बैठक में शामिल हुए और अपना समर्थन देने की घोषणा की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि होटल में रुकने की बाध्यता नहीं है। जो रुकना चाहते थे, उनके लिए व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही होटल रेडिशन में रूके एनडीए के विधायकों को दो बार मॉक पोल कराया गया। पहली बार दोपहर 12:30 बजे और दूसरे बार दोपहर तीन बजे। दोनों बार सभी 24 विधायकों के बैलेट पेपर सही पाए गए।
होटल में विधायकों की बैठक भी हुई। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विधायकों को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग प्रक्रिया की जानकारी दी गई। तय हुआ कि सभी विधायक होटल से सुबह नौ बजे बस से विधानसभा जाएंगे।
जयराम बोले- ऑन दि स्पॉट लेंगे फैसला
एनडीए के एक विधायक ने जेएलकेएम विधायक जयराम महतो का समर्थन मिलने का दावा किया है, लेकिन जयराम ने इससे साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे बारे में सारे पक्ष सिर्फ कयास लगा रहे हैं। राज्यसभा चुनाव पर मेरी न एनडीए से कोई बात हुई है और न महागठबंधन से। मैं किसी के संपर्क में नहीं है।
——————
ये खबर भी पढ़ें
क्रॉस वोटिंग होने पर ही जीतेंगे नाथवाणी:प्रथम-द्वितीय वरीयता के वोट और क्रास वोटिंग से बदलेगी कहानी, एक्सपर्ट से जानिए पूरी बात
झारखंड बनने से अबतक राज्य सभा के लिए यहां 7 उपचुनाव और 12 दो वर्षीय सहित 19 चुनाव हुए हैं। इस बार भी दो सीटों के लिए चुनाव होने जा रहा है। झारखंड में राज्यसभा चुनाव के दौरान प्रथम और द्वितीय वरीयता के वोट और क्रॉस वोटिंग की कहानी नई नहीं है। पूरी खबर पढ़ें
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.