भास्कर न्यूज | हसनपुरा
एमएच नगर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव में शनिवार की सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देसी व विदेशी शराब बरामद की है। बताया जा रहा है कि लहेजी सहित आसपास के इलाकों में लंबे समय से शराब का अवैध धंधा जोरों पर चल रहा था, जिसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने अहले सुबह गांव में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न ठिकानों से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई। हालांकि टीम के पहुंचने की भनक लगते ही कई कारोबारी मौके से फरार हो गए। छापेमारी के दौरान कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है। इस संबंध में एमएच नगर थाना के थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम द्वारा लहेजी गांव में छापेमारी की गई है। उन्होंने कहा कि अभी बरामद शराब की सटीक मात्रा की जानकारी नहीं मिल पाई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितनी देसी व कितनी विदेशी शराब जब्त की गई है। थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.