Shreeom Singh
Date: 24-11-26 10:07
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करीब दो साल से भारत में रह रही हैं. अब उन्होंने अपने देश लौटने की इच्छा जताई है. हसीना ने 16 दिसंबर को ढाका पहुंचने की तारीख तय की है. खास बात यह है कि इस दिन बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है. इसी दिन 1971 में पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण किया था और बांग्लादेश को आजादी मिली थी. अपनी वापसी के लिए हसीना ने बांग्लादेश सरकार से सरकारी विमान भेजने की मांग भी की है.
रिपोर्ट के अनुसार, हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं. उनका कहना है कि जिस तरह हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, उसी तरह अब उन्हें दिल्ली से ढाका वापस ले जाने के लिए भी विमान की व्यवस्था की जानी चाहिए.
5 अगस्त 2024 को छोड़ना पड़ा था बांग्लादेश
शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ दिया था. उस समय देश में छात्रों के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन चल रहा था. धीरे-धीरे यह आंदोलन हिंसक हो गया और हालात बिगड़ने के बाद हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर भारत आना पड़ा.
अब करीब दो साल बाद उन्होंने पहली बार अपनी वापसी के लिए एक तय तारीख सामने रखी है. उनकी इस मांग को बांग्लादेश की राजनीति में काफी अहम माना जा रहा है.
16 दिसंबर को ही क्यों लौटना चाहती हैं शेख हसीना?
16 दिसंबर बांग्लादेश के इतिहास में खास महत्व रखता है. साल 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था. इसके साथ ही बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम का अंत हुआ और देश को आजादी मिली. इस ऐतिहासिक जीत की याद में हर साल 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है.
शेख हसीना ने इसी खास दिन को अपनी वापसी के लिए चुना है. उनके प्रवक्ता का कहना है कि हसीना को संविधान के खिलाफ बने हालात में देश छोड़ना पड़ा था. ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह विजय दिवस के मौके पर उनकी वापसी का इंतजाम करे.
हालांकि, अभी तक बांग्लादेश सरकार ने उनकी इस मांग को मंजूरी नहीं दी है.
बांग्लादेश पहुंचते ही गिरफ्तार हो सकती हैं हसीना
शेख हसीना के लिए बांग्लादेश लौटना आसान नहीं होगा. उनकी पार्टी अवामी लीग की गतिविधियों पर रोक लगी हुई है और उनके खिलाफ कई गंभीर मामले चल रहे हैं.
पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश के युद्ध अपराध न्यायाधिकरण ने छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी. हसीना भारत में रहते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करती रही हैं.
बांग्लादेश के एक मंत्री ने रॉयटर्स को बताया है कि अगर शेख हसीना वापस आती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा. मंत्री ने यह भी कहा कि हसीना को भारत से वापस लाने के लिए सरकारी विमान भेजने को लेकर दोनों देशों के बीच कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है.
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना को सत्ता छोड़ने पर मजबूर करने वाले आंदोलन और उससे जुड़ी हिंसा में करीब 1,400 लोगों की जान गई थी. ऐसे में उनकी वापसी की मांग बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव को और बढ़ा सकती है. फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि बांग्लादेश सरकार उनकी वापसी की मांग पर क्या फैसला लेती है.
ये भी पढ़ें- ईरानी गायिका परस्तू अहमदी को मारे गए 74 कोड़े , बिना हिजाब गाना गाने पर मिली सजा, वीडियो वायरल
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें