जम्मू में IIIM कैंपस में पानी भरा, 150 स्टूडेंट फंसे: हॉस्टल की एक मंजिल डूबी; बिहार के नालंदा में पानी में… – Dainik Bhaskar

जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश के चलते इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन (IIIM) कैंपस परिसर में पानी भर गया। हॉस्टल की बिल्डिंग एक मंजिल तक डूब गई। अंदर 150 स्टूडेंट फंसे हैं। SDRF की टीम रेस्क्यू में जुटी है।
उधर राजस्थान में लगातार बारिश होने से कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर और टोंक में बाढ़ जैसी स्थिति है। राहत-बचाव के लिए सेना बुलाई गई है। एयरफोर्स का Mi-17 हेलीकॉप्टर भी तैनात किया गया है।
जयपुर के कई इलाकों में घुटनों तक पानी जमा हो गया है। टू-व्हीलर आधे से ज्यादा डूब गए। कोटा में शनिवार देर रात मकान ढहने से एक महिला की मौत हो गई।
यूपी में भी बारिश से डैम, नदियां और नाले उफान पर हैं। अब तक 8 बांधों के गेट खोले जा चुके हैं। मिर्जापुर में अहरौरा बांध ओवरफ्लो हो गया है। इसके चलते 9 साल बाद 22 गेट खोलने पड़े। प्रदेश में 20 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। कई खेत पानी में डूब गए।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को देश के 29 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है। विभाग ने राजस्थान में रेड, उत्तराखंड-मध्य प्रदेश समेत 6 राज्यों में ऑरेंज और UP-बिहार समेत 22 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है।
राज्यों में बारिश-बाढ़ की 4 तस्वीरें…
अब जानिए- राजस्थान में क्यों हो रही है लगातार बारिश मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- जो साइक्लोनिक सर्कुलेशन पिछले 48 घंटे से मध्य प्रदेश-राजस्थान की सीमा पर रुका था, वह थोड़ा आगे बढ़कर दक्षिण-​पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के ऊपर आ गया है।
मानसून ट्रफ लाइन शुक्रवार को गंगानगर, चूरू, ग्वालियर (एमपी), सतना (एमपी), डालटनगंज (झारखंड) से होकर बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम तक गुजर रही है। इस सिस्टम के कारण शुक्रवार से राजस्थान में लगातार बारिश हो रही है।
राज्यों में बारिश का डेटा, मैप से समझें…
देशभर में मौसम से जुड़े पल पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…
सवाई माधोपुर जिले में 3 दिनों से लगातार हो रही भारी बरसात के चलते बाढ़ के हालात बने हुए है।
शनिवार को रेस्क्यू के लिए जा रही NDRF की टीम बाढ़ प्रभावित इलाके में हादसे का शिकार हो गई।
सूरवाल और अजनोटी गांव के पास टीम की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
इस हादसे में एक जवान ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखी हुई एक बोट के नीचे दब गया।
इसके बाद अन्य जवानों ने बोट के नीचे दबे हुए जवान को सकुशल निकाला।
जम्मू के किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से प्रभावित चसोटी का दौरा करने के लिए नई दिल्ली से जम्मू जा रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के विमान में टेक्निकल खराबी आ गई। जिसके चलते उन्हें बीच रास्ते से ही दिल्ली लौटना पड़ा।
बिहार के गयाजी में फल्गु और निरंजना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिसके बाद जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
सीकर के फतेहपुर में झमाझम बारिश से निचले इलाकों में 3 फीट तक पानी भर गया।
वहीं मुख्य बस स्टैंड पर पानी भरने ट्रैफिक बाधित हो गया। लेकिन किसानों के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई है।
लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश से अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ गई है।
अजमेर में आज सुबह हुई बारिश के कारण नला बाजार में पहाड़ी से पानी बहकर आ गया, जिससे बाजार में जलभराव हो गया। इस दौरान बाजार से गुजरने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जम्मू जिले के भवानी नगर, जानीपुर और तालाब तिल्लो में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली में शुक्रवार देर रात बादल फटने से 6 लोग घायल हो गए थे। इन्हें एयरलिफ्ट करके AIIMS ऋषिकेश ले जाया गया।
सवाई माधोपुर में ग्राम पंचायत पांचोलास में PWD की पुलिया टूट जाने से पांचोलास से फलोदी व आमली विजयनगर का रास्ता बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जम्मू-पठानकोट हाईवे के पास सहार खाद नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर है।
मध्यप्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। शनिवार को शिवपुरी, डिंडौरी, शाजापुर समेत 20 जिलों में बारिश हुई। ऐसा ही मौसम रविवार को भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने ग्वालियर-श्योपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक औसत 34.2 इंच बारिश हो चुकी है। पूरी खबर पढ़ें…
यूपी में बारिश से डैम, नदियां और नाले उफान पर हैं। मिर्जापुर में अहरौरा बांध ओवरफ्लो हो गया है। इसके चलते 9 साल बाद 22 गेट खोलने पड़े। इससे 20 से ज्यादा गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। खेत पानी में डूब गए और रास्तों पर भी जलभराव हो गया। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़ में रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज रविवार को 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बलरामपुर ,जशपुर, रायगढ़ समेत उत्तर संभाग के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार के 24 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 40KM/H की रफ्तार से हवा चल सकती है। इस दौरान बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश के दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। नालंदा में लोकायन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे एकंगरसराय और हिलसा प्रखंड में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाब में आज भी 7 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। तरनतारन सहित 8 जिलों में बाढ़ की स्थिति है। तरनतारन में कई एकड़ जमीन पानी में डूब गई। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड में आज से बारिश का दौर शुरू होगा। बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रामगढ़, रांची, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में तेज बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। तेज हवाएं भी चलेंगीं। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा में आज 4 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल शामिल हैं। प्रदेश में 27 अगस्त से बारिश में कमी आ सकती है। हरियाणा में अब तक सामान्य से 10 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। 23 अगस्त तक औसतन 317.7mm बारिश होनी चाहिए थी, अब तक 348.7mm बारिश दर्ज की जा चुकी है। पूरी खबर पढ़ें…
शहरों में बारिश का डेटा
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News