बंसी पहाड़पुर कस्बे के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में सोमवार को ग्रामीणों ने शिक्षा व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम के स्थान पर पुनः हिंदी माध्यम लागू करने की मांग उठाई।
सूचना मिलने पर रूपवास के सीबीईओ चंद्रभान मीणा और पूर्व विधायक बच्चूसिंह बंसीवाल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि अधिकांश बच्चे अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई करने में असमर्थ हैं, जिसके कारण उन्हें अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी कारण विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019-20 में विद्यालय में 563 विद्यार्थियों का नामांकन था, जो वर्ष 2026 में घटकर 259 रह गया है। उनका मानना है कि यदि विद्यालय को पुनः हिंदी माध्यम में संचालित किया जाए तो नामांकन में वृद्धि हो सकती है।
मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिला कलेक्टर से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले से अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि जिला कलेक्टर ने मंगलवार को मामले की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय टीम भेजने का आश्वासन दिया है।
इस दौरान सीबीईओ चंद्रभान मीणा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर विद्यालय को हिंदी माध्यम में परिवर्तित नहीं किया जा सका, तो अभिभावक अपने बच्चों की टीसी लेकर अन्य विद्यालयों में प्रवेश दिला सकते हैं।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मांग पर क्या निर्णय लेते हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.