ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने एडिलेड में अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा दिया है. उन्होंने डे-नाइट टेस्ट में भारत के खिलाफ 5 विकेट झटके हैं. स्टार्क ने ये पांचों विकेट 39 रन खर्च कर चटकाए. उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 15वीं बार 5 विकेट झटके हैं. हालांकि, 13 साल के करियर में भारत के खिलाफ 5 विकेट लेने का कारनामा वो पहली बार ही कर सके हैं.
एडिलेड टेस्ट में भारत के खिलाफ मिचेल स्टार्क ने पंजा खोलने की शुरुआत यशस्वी जायसवाल के विकेट से की. उन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर जायसवाल के पांव क्रीज से उखाड़ दिए. इसके बाद उन्होंने राहुल का विकेट लेकर गिल के साथ बन रही उनकी साझेदारी तो तोड़ा. स्टार्क ने विराट को आउट कर अपनी झोली में तीसरा विकेट गिराया. चौथा विकेट उन्होंने अश्विन का लिया जब हर्षित राणा के विकेट के साथ भारत के खिलाफ टेस्ट में पहली बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया.