Feedback
राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ में बीए सेकंड ईयर के छात्र की हत्या के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है. घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की है, जब रेलवे फाटक के पास लगे मेले में मोमोज की दुकान पर झगड़ा हुआ और 20 वर्षीय युवक वकार की बर्फ तोड़ने वाले छुरे से हत्या कर दी गई. फिलहाल पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, वकार गोविंदगढ़ क्षेत्र के खेड़ी बहादुर गांव का रहने वाला था और अपने दोस्तों तालीम, अरशद और बरकत के साथ ट्रेड फेयर घूमने गया था. वहां तालीम का छैल बिहारी से किसी बात पर झगड़ा हो गया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और छैल बिहारी के साथ मौजूद राजेश, रविंद्र, बलदेव, केदार, खेमू व रवि समेत कई युवकों ने हमला कर दिया.
यह भी पढ़ें: प्रेमिका के जाल में फंसा या साजिश का शिकार? अलवर के युवक की जयपुर में संदिग्ध मौत, परिजनों ने युवती और उसके परिवार पर लगाया हत्या का आरोप
बीच-बचाव में उतरे वकार पर हुआ जानलेवा वार
झगड़े के दौरान वकार अपने दोस्त को बचाने के लिए आगे आया. तभी छैल बिहारी ने उस पर बर्फ तोड़ने वाला छुरा घोंप दिया. छुरा वकार के सीने में जा धंसा, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा. उसे तत्काल गोविंदगढ़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल रेफर किया गया. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
देखें वीडियो…
हत्या के बाद भड़का मेव समाज, की बुलडोजर कार्रवाई की मांग
अगले दिन वकार की मौत की खबर फैलते ही अलवर जिला अस्पताल में मेव समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. भीड़ ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की. मेव बोर्डिंग के पूर्व सदर शेर मोहम्मद ने कहा कि इस तरह के अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि समाज में डर बना रहे। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी.
तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बाजार में निकाला जुलूस
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों, जिनमें छैल बिहारी (30), रविंद्र (32) और राजेश सैनी (21) को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों आरोपी गोविंदगढ़ क्षेत्र के ही रहने वाले हैं. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का गोविंदगढ़ बाजार में जुलूस निकाला. इस दौरान दो आरोपी लंगड़ाते हुए चलते नजर आए. बड़ी संख्या में लोग जुलूस देखने के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए और कई लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए.
बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी. टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. अलवर पुलिस ने साफ कहा कि इस जघन्य वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा. पुलिस का यह एक्शन स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि मेव समाज अब भी न्याय की मांग पर अडिग है.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू