Basti News: कप्तानगंज, हिन्दुस्तान टीम। विकासखंड कप्तानगंज के धर्मसिंहपुर महाराजगंज ग्राम पंचायत के सोमा राजस्व गांव में बुधवार दोपहर आंगनबाड़ी केंद्र का पुष्टाहार बाइक से ले जा रहे एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने रोक लिया। ग्रामीणों ने पुष्टाहार को दूसरे स्थान पर ले जाने पर सवाल उठाते हुए मामले की सूचना डायल-112 पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकत्री शालिनी वर्मा के पास महाराजगंज और बेलवाजोर स्थित दो आंगनबाड़ी केंद्रों का प्रभार है।
वह मूलरूप से सोमा गांव की रहने वाली हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर बाद एक व्यक्ति बाइक पर बोरी में बांधकर पुष्टाहार ले जा रहा था। ग्रामीणों ने उसे रोक लिया। बाइक सवार व्यक्ति हर्रैया क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री पर पुष्टाहार बेचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री की ओर से बताया गया कि दोनों केंद्रों का प्रभार उनके पास है और दूसरे केंद्र पर वितरण के लिए पुष्टाहार भेजा जा रहा था। बाइक सवार उनका रिश्तेदार है, जिसके माध्यम से पुष्टाहार दूसरे केंद्र तक भेजा जा रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने वाहन रोक लिया और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। इस बाबत सीडीपीओ मिथिलेश बौद्ध ने बताया कि संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पास दो केंद्रों का प्रभार है। दूसरे राजस्व गांव स्थित केंद्र पर पुष्टाहार भेजने की जानकारी मिली है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play